Tuesday, December 1, 2009

वतन वापसी के बाद अब फिर‘वन्दे मातरम्’, लिब्राहन कमीशन’ और ‘26/11’

वाशिंगटन (Washington)

हां वह एक पत्रकार मैं ही था, जिसे व्हाइट हाउस में प्रवेश करने से रोक दिया गया। हो सकता है कुछ लोगों की निगाह में यह बात बहुत अपमान की हो, अगर वह चाहें तो ऐसा भी सोच सकते हैं, मगर मेरे लिये यह परवर दिगार-ए-आलम का बहुत बड़ा ईनाम है और व्हाइट हाउस द्वारा भेंट किया गया एक ऐसा सम्मान जिसे मैं हमेशा याद रखना चाहूंगा। मुझे भी विश्वास नहीं आता, अगर यह सच्चाई सामने न आई होती कि मेरे लिखने का इतना प्रभाव अमरीकी सरकार महसूस करती है।

व्हाइट हाउस को अपने दूतावास व अन्य माध्यमों से प्राप्त सामग्री इस निर्णय का कारण बनी इसमें लगभग एक माह तक 9/11 पर लिखे गये मेरे लेख, सद्दाम हुसैन को दी गई फांसी के विरूद्ध मेरे लेख, अफगानिस्तान और ईराक के विनाश पर मेरे विचार व ईराक़ हमले पर आधारित मेरी पुस्तक ‘‘सद्दाम सफ़र ज़िंदगी का’’ व हैदराबाद में हुए बम धमाके पर लिखा गया लेख ‘‘शक के दायरे में हूजी और आई.एस.आई. ही क्यों, सी.आई.ए. क्यों नहीं?’’ ;04.09.2007द्ध और Mr. Bush Listen Me Please ;27.09.2007द्ध

24 नवम्बर को व्हाइट हाउस में आमंत्रित किया गया था भारत के प्रधानमंत्री डाक्टर मनमोहन सिंह जी को और उनके साथ शिष्ट मण्डल में सम्मिलित तमाम व्यक्तियों को मीडिया डेलीगेट सहित.......और इस नाते अपने देश के प्रधानमंत्री के सम्मान को देखते हुए मेरा नैतिक दायित्व था इस दरवाज़े तक पहुंचना। अब यह करम अल्लाह का कि उसने मुझे उस दस्तर ख्वान तक पहुंचने से रोक लिया, जिस पर ईराक और अफगानिस्तान के शहीदों के खून के छींटे थे, निश्चित रूप से इस इमारत के दरो-दीवार में आज भी उन बेगुनाह मासूम शहीदों की आहें सुरक्षित होंगी, जिन्हें दुनिया के पर्दे से मिटाने के लिए साज़िश रची गई थी इस व्हाइट हाउस में।

मेरे कलम का जिहाद जारी रहेगा इसी अन्दाज़ में उन मज़लूमों के लिए जब तक कि अफगानिस्तान और ईराक की जनता को अमरीकी फौज और उन पर थोपे गये कठपुतली शासकों से मुक्ति नहीं मिल जाती, संभवतः यही शंका थी व्हाइट हाउस के उन पहरेदारों को कि डर गये वह एक पत्रकार के कदमों की आहट से। बहरहाल मैं वाशिंगटन से लौट आया हूं, अतः शीघ्र ही इस विषय पर लिखे जाने वाले लेखों का क्रम प्रस्तुत किया जाएगा आपके सामने, फिलहाल उल्लेख उसी विषय का जिस पर बात जारी थी।

वंदे मातरम् (Vande मातरम)
इस संदर्भ में पिछले लगभग एक महीने में काफ़ी कुछ लिखा है मैंने और अभी बहुत कुछ लिखा जाना शेष है। अभी तक यह प्रश्न मुसलमानों से था कि वंदे मातरम् का गाया जाना वतन से मुहब्बत की पहचान है। अब यह प्रश्न उन लोगों से होगा जो अब तक मुसलमानों से यह प्रश्न करते रहे थे कि वह बताएं क्या ‘वंदे मातरम्’ का गाया जाना राष्ट्र पे्रम की निशानी हो सकती है? जबकि हमारे पास ऐसे बहुत से ऐतिहासिक प्रमाण उपलब्ध हैं कि वास्तव में यह तो अंग्रेज़ों से मुहब्बत की निशानी थी और ‘‘आनंद मठ’’ में जो कुछ भी लिखा गया है ‘वह न तो हिन्दुस्तान के पक्ष में था और न हिंदुओं के पक्ष में बल्कि इस उपन्यास का उद्देश्य तो सिर्फ और सिर्फ मुसलमानों की दुश्मनी थी। हां, यदि इस उपन्यास से किसी का समर्थन उद्देश्य था तो वह केवल अंग्रेज़ थे।

आज के इस लेख में इस सिलसिले को अगर आगे बढ़ाया गया तो अन्य महम्वपूर्ण विषयों पर कुछ वाक्य लिखना भी सम्भव नहीं होगा, अतः वंदे मातरम् पर मेरे लेख का सिलसिला देखें कल से और इजाज़त दें आज कुछ वाक्य लिब्राहन कमीशन और 26/11 पर लिखने के लिए।

लिब्राहन कमीशन (Liberhan Commission)

मुझे आश्चर्य है कि जस्टिस लिब्राहन कमीशन ने यह रिपोर्ट इतनी कम अवधि में कैसे पूरी कर ली? क्या वह थक गए थे प्रमाण जमा करते-करते या कोई विवशता थी उनकी, एक अपूर्ण रिपोर्ट को इतनी जल्दी में पेश कर देने की? नहीं यह कोई व्यंगात्मक वाक्य नहीं है। हां उन्हें अवश्य ऐसा लगता होगा जो पिछले कुछ दिनों से रिपोर्ट को देर से पेश किए जाने का राग अलाप रहे हैं। जहां तक मैं समझता हूं लिब्राहन कमीशन बाबरी मस्जिद की शहादत से जुड़े तथ्यों पर जांच का काम कर रहा था और बाबरी मस्जिद की शहादत में जानबूझ कर या अनजाने में जो व्यक्ति भी शामिल थे उन्हें चिन्हित करना इस कमीशन का उद्देश्य था। क्या बाबरी मस्जिद की शहादत से जुड़ी अपराधिक सरगर्मियां बंद हो गई हैं?

हत्याओं और विनाश का सिलसिला रुक गया है? अगर नहीं तो यह जांच बंद कैसे हो सकती है? हां इस रिपोर्ट को जांच का एक भाग अवश्य ठहराया जा सकता है, फिर इस एक भाग में भी देखना होगा कि क्या इसमें गुजरात में हुए मुस्लिम नरसंहार का उल्लेख है, क्योंकि अयोध्या से चली ‘साबरमती एक्सप्रेस’ के गोधरा पहुंचने के बाद ‘कारसेवकों’ के हवाले से जो कुछ गुजरात में हुआ 28 फरवरी 2002 के बाद, क्या वह 6 दिसम्बर 1992 को बाबरी मस्जिद की शहादत से जुड़ा नहीं था। छाती ठोंक कहा बाल ठाकरे ने कि ‘जिन कोठारी भाइयों ने मस्जिद के गुंबदों को तोड़ा था और भगवा झंडा लहराया था वह शिव सैनिक थे और मुझे उन पर गर्व है।’

क्या महाराष्ट्र में और विशेष कर मुम्बई में चुन-चुन कर मुसलमानों के घरों ओर दुकानों को आग लगा देने वाले शिव सैनिकों का उल्लेख है इस रिपोर्ट में? अभी दो दिन पहले प्ठछ.7 न्यूज़ चैनल के एक कार्यक्रम में भारतीय जनता पार्टी के महासचिव विनय कटियार ने कहा कि अगर उनका बस चलता (सत्ता में होते) तो बाबरी मस्जिद को बाबरी मस्जिद कहने वालों की राष्ट्रीयता समाप्त कर देते। क्या इस अपराधिक वाक्य को दर्ज करने की गुंजाइश है इस रिपोर्ट में? अगर नहीं तो यह रिपोर्ट अभी पूर्ण कैसे हो सकती है, अब प्रश्न यह अवश्य पैदा होता कि यह रिपोर्ट जिन अपराधियों को चिन्हित करती है, अगर 17 वर्ष बाद भी हम उन्हें सज़ा देने की स्थिति में नहीं हैं तो फिर अब तक की गई या आगे की जा सकने वाली जांच का क्या अर्थ?


हमने चुनाव किया है इस विषय का भी अपनी जांच के लिए और लिखने के लिए, आजके यह आरम्भिक वाक्य तो केवल इसलिए हैं कि बाबरी मेस्जिद की शहादत के लिए ज़िम्मेदार अपराधियों को चिन्हित करने के साथ-साथ बाबरी मस्जिद की शहादत के बाद भारत भर में जो साम्प्रदायिक दंगे हुए और जो इन दंगों के लिए उत्तरदायी हैं उन सबको भी इस जांच के दायरे में लाना होगा। अब यह निर्णय करना भारत सरकार का काम है कि वह इसके लिए कितने कमीशन बिठाती है? या लिब्राहन कमीशन को कितने भागों में अपनी रिपोर्ट पेश करने की इजाज़त देती है और फिर क्या वह इन तमाम अपराधियों को सज़ा भी दे पाती है।

अन्यथा क्या लाभ इस काग़ज़ी कार्यवाही का इसमें ऐसा क्या है जो हम नहीं जानते? यह अपराधी कोई नक़ाबपोश हमलावर नहीं थे, जो कुछ हुआ दिन के उजाले में हुआ सबकी नज़रों के सामने हुआ और किसके उकसावे पर हुआ कौन नहीं जानता, अब क़ौम की दिलचस्पी नाम जानने में नहीं अपराधियों को सज़ा दिये जाने में है।

26/11


‘‘मुसलमानाने हिंद........ माज़ी, हाल और मुस्तक़बिल???’’ अर्थात् मेरे पिछले क़िस्तवार लेखों की 100 वीं क़िस्त जो 100 पृष्ठों से अधिक पर आधारित एक दस्तावेज़ के रूप में पाठकों के सामने पेश की गई, उसका शीर्षक यही था और आज भी जब मैं इस विषय पर लिखना शूरू करूंगा तो 100 पृष्ठों से कहीं अधिक दरकार होंगे। मगर आज जबकि केवल चंद पंक्तियां ही लिखनी हैं और वह चंद पंक्तियां भी ऐसी कि अपने आप में न केवल पूर्ण हों और बल्कि कई लेखों पर भारी हों तो एक-एक शब्द ध्यान देने योग्य होना ही चाहिए।


26 नवम्बर 2008 को मुम्बई पर हुआ आतंकवादी हमला 10 पाकिस्तानी आतंकवादियों का कारनामा था, जिसकी साज़िश रची गई पाकिस्तान की धरती पर..... स्वीकार, 100 बार स्वीकार, कोई बहस नहीं इस पर। अब हमारे पास मौजूद हैं 9 आतंकवादी लाशें और दसवां जीवित आतंकवादी। क्या कोई 11वां भी है? अगर नहीं तो कम से कम एक बात तो अब् तय हो जाए कि इन 10 आतंकवादियों के अलावा कोई 11वां आतंकवादी इस हमले में शामिल नहीं था। फिर प्रश्न यह पैदा होगा कि शहीद हेमंत करकरे की विधवा कविता करकरे ने जो सवाल उठाए हैं, चाहे वह हेमंत करकरे की बुलेट प्रूफ़ जैकेट के संबंध में हों या यह कि मेरे पति तो सड़क पर आतंकवादियों की गोलियों से छलनी आख़री सांसें लेते रहे और आतंकवादियों को अस्पताल पहुंचाया जाता रहा, ऐसा क्यों?


अब इस प्रश्न का उत्तर वह 9 आतंकवादी लाशें देंगी या दसवां जीवित बचा आतंकवादी?..... महाराष्ट्र पुलिस के पूर्व आई।जी. एस.एम मुशरिफ की किताब "Who Killed Karkare? The Real face of Terrorism in India" अशोक काम्टे की विधवा विनीता काम्टे की किताब ^^To the Last Bullet** ने जो प्रश्न खडे़ किए उनका उत्तर हाफ़िज़ सईद से मिलेगा या ज़कीउर्रहमान लखवी से. .......26 नवम्बर को हेमंत करकरे की शहादत से 24 घंटे पहले उन्हें मौत की धमकी इन 9 आतंकवादी लाशों ने दी थी या दस्वें जीवित बचे आतंकवादी ने? ‘‘इंडियन एक्सप्रेस और रोज़नामा राष्ट्रीय सहारा ने अपने प्रकाशनों में वह टेलीफोन नं॰ प्रकाशित किया था, वह नम्बर किसके द्वारा प्रयोग किया गया, उन 9 आतंकवादी लाशों के द्वारा या दसवें जीवित बचे आतंकवादी के द्वारा, या फिर 11वां कोई और........था?


सरकार और मीडिया के पास आतंकवादियों के द्वारा की गई बातचीत के टेलीफोन रिकॉर्ड मौजूद हैं, जो विभिन्न टीवी चैनलों पर भी दिखाए गए। होटल ताज, होटल ओबराय से की गई अन्य कालों का रिकॉर्ड कहां और किसके पास है? इतनी बड़ी संख्या में हथियार वहां कैसे पहुंचे? अनिता उदया को ख़ुफिया रूप से अमरीका क्यों ले जाया गया और हाल ही में हुए नए रहस्योदघाटन की क्या हेडली एफबीआई का एजेंट है, इन प्रश्नों का उत्तर मुर्दा घर में पड़ी वह 9 आतंकवादी लाशें देंगी या एक जीवित बचा आतंकवादी?


कहीं ऐसा तो नहीं कि जिस तरह हम बटला हाऊस का सच सामने नहीं लाना चाहते, कोई सीबीआई जांच या न्यायिक जांच नहीं करना चाहते, क्योंकि उससे जो नतीजे सामने आ सकते हैं उससे हमारी पुलिस के उत्साह पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है, क्या उसी तरह 26/11 के 10 आतंकवादियों के बाद हम किसी 11वें आतंकवादी की तरफ इसलिए उंगली नहीं उठाना चाहते कि................


बात जारी रहेगी, प्रतीक्षा कीजिए 26/11 पर लेखों के नए सिलसिले का और तब तक नज़र डालिए हमारे प्रकाशित लेखों के बाद होने वाले रहस्योदघाटनों पर, क्या यह सब लगभग वही तो नहीं हैं, जिसका इशारा हमने 26/11 के तुरंत बाद अपने लेखों में कर दिया था।

रिसर्च सिद्ध करेगी ‘‘वन्दे मातरम्’’ पर सवाल कितने सही कितने ग़लत

‘‘वन्दे मातरम्’’ के संबंध से हमारी रिसर्च में अभी इतना कुछ बाक़ी है कि इस चर्चा को किसी परिणाम तक पहुंचाया जासके और फिर भारत सरकार और देशभक्त हमारे भारतवासियों से निवेदन किया जासके कि इन सभी तथ्यों की रोशनी में ज़रा ध्यान दें ‘‘वन्दे मातरम्’’ और ‘‘वन्दे मातरम्’’ पर उठने वाले सवालों पर कि यह सही हैं या ग़लत।

हिन्दुस्तान से बाहर रह कर भी यह सिलसिला इसी प्रकार जारी रह सकता है, परन्तु इस बीच ‘‘ईद-ए-क़ुरबां’’ भी है, जो आपके लिए भी अत्यंत महत्वपूर्ण है और हमारे लिए भी, इसलिए आज वाशिंगटन से पोर्ट ऑफ़ स्पेन के लिए रवाना होने से पहले मैं प्रो. मुशीरुल हसन का लेख जो मुल्क की पचासवीं वर्षगांठ पर लिखा गया ‘‘हिन्दू आस्थाऐं और मुसलमानों की शंकाएं’’ प्रकाशित करके पाठकों से निवेदन करना चाहूंगा कि मेरे इस लगातार लेख की आगामी कड़ी अब आप मेरी हिन्दुस्तान वापसी अर्थात् ‘‘ईद-उल-अज़हा’’ के बाद पढ़ सकेंगे, तब तक के लिए इजाज़त।

इस बात को छोड़ दें कि 15 अगस्त 1947 की आधी रात को हज़ारों स्वाधीनता सेनानियों का मिशन पूरा हुआ या नहीं, सबसे महत्वपूर्ण चीज़ यूनियन जैक का उतरना था और इससे भी अधिक महत्वपूर्ण यह था कि अब यह ध्वज दोबारा कभी उस लाल क़िले पर या भारत में अन्य स्थानों पर नहीं लहराएगा जहां यह 1857 से लहरा रहा था। अब तिरंगे को यह अवसर मिला था कि वह आसमानों की ऊँचाइयों पर लहराए। यह ध्वज अब केवल भारत के लिए ही नहीं बल्कि सारे विश्व के लिए लोकतंत्र और स्वतंत्रता का प्रतीक बन गया था।

इसीलिए लाल क़िले की ओर एक जनसमूह इसलिए उमड़ रहा था ताकि अपनी खोई हुई धरोहर को पुनः प्राप्त कर सके और एक नए सवेरे के आगमन का हमेशा-हमेशा जश्न मनाता रहे। यह जनसमूह उस समय ख़ुशियों में डूब गया जब उसने भारत के पहले प्रधानमंत्री की भावनाओं में डूबी हुई आवाज़ सुनी।

नौजवान लड़के लड़कियां अपनी स्कूली यूनिफ़ार्म पहने हुए एक ही आवाज़ में चाचा नेहरू ज़िंदा बाद, चाचा नेहरू ज़िंदा बाद के नारे लगा रहे थे। कुछ लोग मध्दिम सुरों में टैगोर का लिखा राष्ट्रगान गा रहे थे। ध्वज, राष्ट्रगान और राष्ट्रीय चिन्ह तीन ऐसे प्रतीक हैं जिनके द्वारा कोई भी स्वतंत्र देश अपनी पहचान और सार्वभौमिकता प्रकट करता है और इन्हीं तीनों से जुड़ कर वफ़ादारी और सम्मान भी प्रकट किया जाता है।

इन तीनों प्रतीकों में राष्ट्र की पृष्ठ भूमि, सोच और संस्कृति छुपे होते हैं। आज जबकि देश अपने लोकतंत्र के 50 वर्ष पूरे होने का जश्न मना रहा है ऐसे में एक विवाद सामने है जो राष्ट्र ध्वज और राष्ट्रीय प्रतीकों के कारण नहीं बल्कि ‘वंदे मातरम्’ को गाए जाने से पैदा हुआ है। हाल ही में जो कुछ लखनऊ में हुआ वह ज़ाहिर में एक साधारण घटना है, लेकिन यह हमारे समाज में मौजूद विवाद की द्योतक है।

लेकिन जो बात एक चिन्तनीय के क्षण की सी हैसियत रखती है वह यह है कि बहुत आसानी के साथ वामपंथी आवाज़ों को दबा कर इतिहास को दोबारा लिखने का काम बड़े पैमाने पर आरंभ कर दिया गया है। इसी तरह यह बात भी चिंतित करती है कि गुजरात की सरकार यह क़ानून पास करने में सफल हो जाती है कि आर॰एस॰एस॰ के लोगों को सरकारी नौकरियों में लिया जा सकता है, और हमारे विशाल हृदय और मध्यम मार्गी प्रधानमंत्री इस पर स्वीकारोक्ति की मुहर लगा देते हैं।

एक ऐसी पार्टी जिसको संसद में स्पष्ट बहुमत भी प्राप्त नहीं है क़ानून में संशोधन करके ताबूत में अंतिम कील जड़ देती है। एनडीए और बीजेपी में शामिल पूर्व समाजवादी नेतागण इससे अंजान नज़र आते हैं कि उनके चेम्बरों और बंगलों के बाहर क्या हो रहा है और देश में पुराने धार्मिक, सांस्कृतिक और बौद्धिक विवादों पर कुश्ती होती रहती है।


कोटि धन्यवाद कि हमारे देश में एक ऐसा व्यक्ति राष्ट्रपति है जिसने हमारे संविधान की रक्षा के लिए असीम साहस और ज़बरदस्त हिम्मत का प्रदर्शन करते हुए स्वयं को इसका रक्षक साबित किया है। आशा की एक यही किरण शेष है कि हम उसकी ओर बेहतरीन राय और नेतृत्व के लिए रुख़ कर सकते हैं।


मैं बंकिम चंद्र चटर्जी के द्वारा लिखे गए गीत वंदे मातरम् की तरफ़ फिर वापस आता हूं। इस गीत के कारण 1930 के दशक में कई बार बहुत लम्बे धार्मिक वाद-विवाद हो चुके हैं। जब 1937 में कांगे्रस ने सत्ता की ओर बढ़ना शुरू किया तो उत्तर प्रदेश और बिहार के बहुत से स्कूलों में वंदे मातरम् गाया जाना अनिवार्य क़रार दे दिया गया, मुस्लिम लीग ने इस मामले में बग़ैर सोचे-समझे विरोध करना शुरू कर दिया ताकि मंत्रालयों के द्वारा किए जा रहे अनुचित कामों को चिन्हित करके उनकी साख को हानि पहुंचाई जा सके।

उदाहरणतः हिन्दी के सम्मान में वृद्धि करते हुए उर्दू का विरोध करने, मुसलमानों को सरकारी नौकरियां न दिए जाने, वर्धा व विद्या मंदिर कार्यक्रमों के लागू करने और परम्परागत इस्लामी मदरसों में दी जाने वाली परम्परागत शिक्षा के बारे में वह पहले से आवाज़ उठा रही थी।


इन बातों के कारण हिन्दू-मुस्लिम विवाद में लगातार उबाल आ रहा था और दोनों के बीच मोर्चा बंदी के लिए ज़मीन तैयार हो रही थी। वैसे साधारणतः देखा जाए तो कांगे्रस इस बात के पक्ष में थी कि विवादित मुद्दों को ब्रिटिश सामराज के विरुद्ध चल रहे संघर्ष से अलग रखा जाए। लेकिन जब वंदे मातरम् का प्रश्न उठा तो कुछ लोगों ने कहा कि यह स्वाधीनता संघर्ष का सबसे महत्वपूर्ण भाग है। इस बात में कोई सच्चाई हो या ना हो कि इस गीत पर बहस की जा सकती है लेकिन इसमें संदेह की कोई गुंजाइश नहीं कि इस गीत ने ऐसे हज़ारों लोगों को राष्ट्र प्रेम की प्रेरणा दी जिनमें से अधिकतर वह बंगाली हिंदू थे जिन्होंने 1905 में बंगाल के विभाजन के समय विरोध प्रकट किया था।


टैगोर ने इस तराने के पहले भाग की धुन बनाई थी और कांगे्रस के कलकत्ता अधिवेषण में इसे गाया भी था। जिससे इस बात का अंदाज़ा होता है कि वंदे मातरम् की अपनी एक अलग पहचान बन गई थी और उसका अपना एक महत्व भी था, हालांकि टैगोर ने इस बात को स्वीकार किया था कि अगर इस गीत को उसके मूल अर्थों के साथ गाया जाए तो इससे मुसलमानों की भावनाएं आहत होंगी। वह एक ऐसे हिन्दू गीत की बात कर रहे थे जिसमें उन हिन्दू आस्थाओं का चित्रण था जिसके अनुसार देश को एक देवी कहा गया था।

अगर आज अल्प संख्यक वर्ग के लोग इस गान के अर्थ व भावार्थ पर सवाल उठा रहे हैं तो मुझे नहीं लगता कि इन व्यक्तियों के संदेहों और शंकाओं को पूरी तरह दरकिनार कर दिया जाना चाहिए। मेरे विचार में किसी धर्मनिर्पेक्ष देश को किसी भी कीमत पर इस बात का अधिकार प्राप्त नहीं हो सकता कि वह हिंदू, मुसलमान, सिख या ईसाई छात्रों को उनकी इच्छा के विरुद्ध कोई गाना गाने पर विवश करे। यही एक धर्मनिर्पेक्ष लोकतंत्र की मूल आत्मा है और अगर कोई गीत मुसलमानों के विरुद्ध हो तो?


हमको इस विषय पर लाठी-डंडे लेकर सामने आने की बजाए एक गंभीर बात-चीत शुरू करनी चाहिए। हमको चाहिए कि राजनीतिक पंडितों को लाल क़िले के साए में जमा करें जहां वह आरोप और प्रत्यारोप लगाने के बजाए अपने-अपने दृष्टिकोण को सामने रखें।

हमको इस मामले पर राष्ट्रीय स्तर पर जनमत बनाना है। जब हम इसमें सफल हो जाएंगे तब हम इन मामलों को हल करने की राह में भी आगे बढ़ सकते हैं जो समय-समय पर उठते रहते हैं। इस वाद-विवाद के बीच या तो हमको यह मालूम होगा कि हमारे सामने मुसलमानों की शंकाओं को बहुत बढ़ा-चढ़ा कर पेश किया गया था या फिर वंदे मातरम् को जबरन थोपने वाले समझा लेंगे कि किसी के गले में कोई गीत ज़बरदस्ती थोपना संविधान के पूरी तरह विरुद्ध है। इससे पहले कि हम एक खुली बात-चीत पर सहमत हों हम को चाहिए कि हम इस राष्ट्रीय कविता का वह अनुवाद पढ़ लें जो अरबिंदो घोष ने किया है क्यूंकि अज्ञान में हमेशा भलाई नहीं होती है।................................

वतन एक ही है


हिन्दू मुस्लिम हों चाहे दो पै1 वतन एक ही है

दोनों के वास्ते डायर की भी गन एक ही है

एक ही मां के हैं आग़ोश2 में बैठे दोनों

सर पै दोनों के मियां चर्ख़े कुहन3 एक ही है

एक ही ख़ाक से पैदा हुए हिन्दू मुस्लिम

एक ही सब की ख़ुशी रंजो महन4 एक ही है

लुत्फ़ दिखलाया है आपस की मुहब्बत ने यह क्या

शेर दो रहते हैं मिल-जुल के गो5 बन एक ही है

गांधी वादी, अली भाई, लाल, मालविया,

लाल सदहा6 है मगर मुल्के अमन एक ही है

कोई क़ुमरी7,कोई बुलबुल, कोई कोयल हो भले

मरने जीने को वले8 सबके चमन एक ही है

दम घुटा जाता है फरयाद भी कर सकते नहीं

लाख शिकवे हैं मगर आहे दहन9 एक ही है

मुख़्तलिफ रंगे मज़ामीं हों मुसाफ़िर चाहे।

तेरा हर हाल में पर तर्ज़े सुख़न10 एक ही है

‘‘स्वराज्य गीतांजली’’ किताब से माख़ूज़
1. पै-पर/लेकिन 2.आगोश-गोद 3.चर्खे कुहन-प्राचीन आकाश4. रंजो महन-दुख 5.गो-यद्यपि 6.सदहा-सैकड़ो 7. कुमारी-एक पक्षी कानाम 8.वले-लेकिन 9. ओह दहन-मुंह से निकलने वाली आह 10.लेकिनतर्ज़े सुखन-शैली

Thursday, November 26, 2009

कितना सेकुलर है वंदे मातरम्?

26 नवम्बर अर्थात् भारत के इतिहास का वह अशुभ दिन जब हमें एक आतंकवादी हमले का सामना करना पड़ा। 26 नवम्बर अर्थात् भारत के इतिहास का वह अशुभ दिन जब हमें अपने ऐसे जांबाज़ पुलिस अधिकारी को खोना पड़ा जो अपनी जान की परवाह किए बिना आतंकवादी गतिविधियों के सच को सामने रखने का प्रयास कर रहा था। 26 नवम्बर भारत के इतिहास का वह अर्थपूर्ण दिन जहां तमाम सुविधाओं के बावजूद हम अभी तक ऐसे प्रश्नों का उत्तर देने में असफल हैं जो प्रश्न शहीद हेमंत करकरे की विधवा कविता करकरे अर्थात् भाभी मां ने उठाए हैं। निःसंदेह अभी तक के प्रमाणों के आधार पर पाकिस्तान इन हमलों के लिए ज़िम्मेदार है, मगर श्रीमति कविता करकरे के बुलट प्रूफ़ जेकेट के मामले में उठाए गए प्रश्नों का उत्तर पाकिस्तान सरकार से तो नहीं मांगा जा सकता।

विचित्र संयोग है कि पिछले वर्ष 25-26 नवम्बर को मैं भारत में नहीं था और इस बार भी 25-26 नवम्बर को मैं भारत में नहीं हूं। उस समय हुए इस आतंकवादी हमले पर मैंने पहला लेख विदेश से ही लिखा था और इस बार भी स्थिति यही है। व्हाइट हाउस में भारत के प्रधानमंत्री डा॰ मनमोहन सिंह को दिए गए शानदार स्वागत भोज के आयोजन के बीच अमरीकी राष्ट्रपति बराक ओबामा के भाषण में भी 26/11 अर्थात् मुम्बई पर हुए आतंकवादी हमलों का उल्लेख था। क्या हम उनका धन्यवाद करें कि वह हमारे दुख में बराबर के शरीक हैं? क्या हम उनके भाषण में इस उल्लेख को उनकी राजनीतिक रणनीति समझें?

क्या हम इस आतंकवादी हमले का उल्लेख करते हुए 9/11 की पृष्ठ भूमि और उसके बाद की स्थितियों की ओर भारत को संकेत देने का प्रयास समझें? अभी विस्तार से इस विषय पर लिखा जाना कठिन होगा, हां मगर इन्शाअल्लाह भारत वापसी के बाद, इस विदेशी धरती पर बीते एक-एक क्षण को लिखने का प्रयास किया जाएगा। एक बार फिर उन तमाम भाषणों के सार का अध्ययन किया जाएगा जो हमारे प्रधानमंत्री या विदेशी राष्ट्राध्यक्षों द्वारा दिये गये, इसलिए कि उनका संबंध हमारी क़ौम के भविष्य से है, हमारे देश के भविष्य से है। बात वंदे मातरम् की जारी थी, जारी है और अभी इसे जारी रखने की आवश्यकता भी है।

सिलसिला रोक दिया तो कुछ दिनों में हम सब कुछ भूल जाएंगे, जो तूफान उठा इस प्रश्न पर वह भी, जो पुतले जलाए गए पवित्र, धार्मिक शिक्षा संस्थान दारुल उलूम के वह भी, और जब कुछ वर्ष बीत जाएंगे तो मुसलमानों को अपमानित करने के लिए इस्लाम दुशमन शक्तियों के हाथ में फिर यह हथियार होगा, अतः बावजूद इसके कि मैं स्विटज़रलैंड, अमरीका, पोर्ट ऑफ़ स्पेन, ट्रीनीडाड, टोबेको की यात्रा पर हूं और लेखों के इस सिलसिले को जारी रखने के लिए मुझे आधी रात, अर्थात् रात के लग भग 3 बजे इस कॉलम के अंतर्गत छपने वाले लेखों को अंतिम रूप देना होता है, मगर मैं महसूस करता हूं कि यदि किसी परिणाम पर पहुंचे बगैर यह सिलसिला टूट गया तो सम्भवतः फिर यह स्वीकार किया जाता रहेगा कि मुसलमानों की आपत्ति अकारण थी उनके पास अपने प्रश्नों को उठाने के लिए कोई ठोस दलील नहीं थी, अतः मैं आवश्यक समझता हूं कि न केवल यह कि सिलसिला जारी रहे बल्कि किसी परिणाम पर भी पहुंचे।

मेरे ई-मेल और मेरे ब्लॉग पर, टेलीफोन द्वारा और फैक्स द्वारा भी लोगों की भावनाएं मुझ तक पहुंच रही हैं, इसमें एक विचार का मैं विशेष रूप से उल्लेख करना चाहूंगा, मुहम्मद उबैदुल्ला का। मेरा उनसे निवेदन है कि वह लेख निःसंदेह मेरे कॉलम के अंतर्गत प्रकाशित किया गया, मगर इस बीच मैं विभिन्न दृष्टिकोणों पर आधारित लेख प्रकाशित कर रहा हूं, ताकि वंदे मातरम् विवाद का हर पहलू सामने आ जाए, जैसे आज भी इस कालम के अंतर्गत मैं प्रो॰ ए॰ जी नूरानी का लेख प्रकाशित कर रहा हूं, जो प्रसिद्ध विधिवेता हैं और जिन्होंने वैधानिक दृष्टिकोण से वंदे मातरम् के दृष्टिकोण पर प्रकाश डाला है।

देखें प्रो॰ ए॰जी॰ नूरानी का लेख ‘‘कितना सेक्युलर है वंदे मातरम्’’?:

वंदे मातरम् को गाने की अनिवार्यता भारतीय संविधान की धारा 28 (1) और (3) के विपरीत है। पहली धारा में कहा गया है कि सरकारी धन से चलने वाले विद्यालयों को किसी भी तरह का धार्मिक निर्देश नहीं दिया जा सकता। दूसरी धारा में कहा गया है कि कोई भी व्यक्ति जो इस तरह के विद्यालयों में अध्ययन करता है, वह उस संस्थान के परिसर में आयोजित किसी धार्मिक प्रार्थना में भाग लेने के लिए बाध्य नहीं है।संविधान में दिया गया यह प्रावधान पूरी तरह स्पष्ट है। सुप्रीम कोर्ट भी यह व्यवस्था दे चुका है कि किसी भी व्यक्ति को राष्ट्र गान गाने के लिए बाध्य नहीं किया जा सकता।

स्वाभाविक रूप से, यह बात राष्ट्रीय गीत पर भी लागू होती है। भाजपा के लोग कहते हैं कि वंदे मातरम् में किसी तरह का धार्मिक अंश नहीं है। यह पूरी तरह असत्य है। यदि ऐसा न होता तो 1937 में कांग्रेस कार्यसमिति को यह बयान न देना पड़ता- समिति इस गीत के कुछ हिस्सों के प्रति मुसलमान दोस्तों की तरफ से उठाई गई आपत्तियों को महसूस करती है।’ कार्यसमिति ने कहा था कि वंदे मातरम् के सिर्फ दो शुरूआती अंतरे ही गाए जाने चाहिएं। जिस गीत को काट-छांट कर गानापड़े वह सर्वत्र स्वीकार्यता की आशा नहीं कर सकता।

अपनी पुस्तक ‘ऑटोबायोग्राफी ऑफ़ एन अननोन इंडियन’ में नीरद सी चैधरी ने वंदे मातरम् के लिखे जाने की परिस्थितियों का बहुत सटीक विवरण दिया है, “बंकिम चंद्र चटर्जी ओर रमेश चंद्र की ऐतिहासिक रचनाओं मुस्लिम शासन के विरुद्ध हिन्दू बग़ावत को महिमामंडित किया गया है और मुसलमानों को बड़े अनुचित ढंग से पेश किया गया है। बंकिम चंद्र असंदिग्ध रूप से और बहुत प्रखरता के साथ मुस्लिम विरोधी थे।” इतिहासकार आरसी मजूमदार ने लिखा है कि 1905 से 1947 तक वंदे मातरम् भारत के देशभक्त सपूतों का युद्धघोष था और हजारों लोगों ने वंदे मातरम् का उच्चारण करते हुए ब्रिटिश पुलिस की यातनाएं सहते हुए प्राण त्याग दिए थे।

आनंद मठ की मूलभूत परिकल्पना उन सन्यासियों (जिन्हें सनातन कहा जाता था) या बच्चों पर केंद्रित है जिन्होंने अपने घर त्याग कर अपने जीवन को मातृभूमि के लिए समर्पित कर दिया था। ये लोग अपनी मातृभूमि को मां काली के रूप में पूजते थे। आनंद मठ के इस पहलू और मां काली की परिकल्पना को देखते हुए इस बात में कोई संदेह नहीं रह जाता कि बंकिम चंद्र का राष्ट्रवाद हिंदू राष्ट्रवाद था, भारतीय राष्ट्रवाद नहीं। उनकी अन्य रचनाओं में यह बात पूरी तरह स्पष्ट हो जाती है जिनमें मुस्लिमों के हाथों भारत की पराधीनता को लेकर भावावेश में भरी आक्रामक टिप्पणियां की गई हैं। उसी दिन हमारे गौरव का सूर्य अस्त हो गया।

उनकी रचनाओं में मुसलमानों के प्रति नकारात्मक और कई बार अप्रासंगिक टिप्पणियां मिलती हैं। मजूमदार लिखते हैं कि ‘बंकिम चंद्र ने देशभक्ति को धर्म और धर्म को देशभक्ति के साथ मिला दिया था।

उनका उपन्यास आनंद मठ ब्रिटिश सत्ता के खिलाफ भी नहीं था। उसके अंतिम अध्याय में कोई परामानवीय शक्ति सन्यासियों के नेता सत्यानंद को युद्ध रोकने के लिए समझाती हुई दिखाई गई है। दोनों के बीच होने वाली बातचीत काफी दिलचस्प हैःशक्तिः तुम्हारा कार्य संपन्न हो गया है। मुसलमानों की सत्ता का विनाश हो चुका है। अब तुम्हारे करने के लिए कुछ नहीं बचा। बेवजह की हत्याएं करने से कुछ भी हासिल नहीं होने वाला।


सत्यानंदः मुस्लिम सत्ता जरूर नष्ट हो गई है लेकिन हिंदू साम्राज्य अभी तक स्थापित नहीं हुआ है। कलकत्ता पर अब भी ब्रिटिशों का क़ब्ज़ा है।

शक्तिः हिंदू साम्राज्य अभी स्थापित नहीं होगा। अगर तुम अपने काम में लगे रहे तो लोग बेवजह मारे जाएंगे। इसलिए मेरे साथ आओ।

सत्यानंद (दुख के साथ): हे भगवान, यदि हिंदू साम्राज्य की स्थापना नहीं होगी तो फिर कौन शासन करेगा? क्या मुस्लिम शासक लौट आएंगे?

शक्तिः नहीं, अब अंग्रेज़ शासन करेंगे।सत्यानंद विरोध करते हैं लेकिन परामानवीय शक्ति उन्हें हथियार डालने के लिए मना लेती है।

शक्तिः तुम्हारा प्रण पूरा हो चुका है। तुम अपनी मां के लिए समृद्धि ला चुके हो। तुमने एक ब्रिटिश सरकार की स्थापना करवा दी है। अब लड़ाई छोड़ दो। लोगों को अपने काम करने दो। धरती को फसलों से हरी-भरी होने दो और लोगों को धन-संपत्ति से समृद्ध होने दो।

सत्यानंद (रोते हुए): मैं अपनी मां को उसके शत्रुओं के रक्त से सींच कर उस पर समृद्धि की फसल उगाऊंगा।शक्तिः शत्रु कौन है? अब कोई शत्रु नहीं है। अंगे्रज तो दोस्त हैं और शासक भी। और उन्हें कोई हरा नहीं सकता।

सत्यानंदः अगर ऐसा है तो मैं मां की प्रतिमा के सामने स्वयं को समाप्त कर दूंगा।

शक्तिः नासमझी में? आओ और जानो। हिमालय में मां का एक मंदिर है। मैं तुम्हें वहां उसकी छवि दिखाऊंगा।ऐसा कहकर उसने सत्यानंद का हाथ पकड़ लिया।

पूरे उपन्यास में मुस्लिम विरोधी अंश बहुतायत से मौजूद हैं। जीवानंद जब हाथ में तलवार लिए हुए मंदिर के द्वार पर खड़ा है और मां काली के भक्तों का आहवान करता है- हमने कई बार मुस्लिम शासन के घोंसले को तोड़ने और इन हमलावरों को खींच कर नदी में फेंक देने और भस्मीभूत कर भूमि मां को मुक्त कराने की बात सोची है। मित्रो, अब वह दिन आ गया है। जब भावानंद महेंद्र को आनंद मठ ले जाकर संघर्ष में शामिल होने के लिए प्रेरित करता है तब उसे पहले काली की प्रतिमा के सामने और फिर दुर्गा की प्रतिमा के सामने ले जाया जाता है और ‘वंदे मातरम्’ का उच्चारण करने को कहा जाता है।

उपन्यास के एक अन्य दृश्य में कुछ लोग ‘मुसलमानों को मार दो-मार दो’ के नारे लगाते हुए दिखाए गए हैं। उसी समय कुछ और लोग ‘वंदे मातरम्’ के नारे लगा रहे हैं और कुछ कह रहे हैं कि ‘क्या वह दिन कभी आएगा जब हम उनकी मस्जिदें तोड़कर उनके स्थान पर मंदिरों का निर्माण कर सकेंगे?’
..........................................
हिन्दोस्तां

न कौस से ग़रज़ है, न मतलब अज़ां से है

मुझ को अगर है इश्क़ तो हिन्दोस्तां से है

तहज़ीबे हिन्द का नहीं चश्मा2 अगर अज़ल3

यह मौजे रंग रंग फिर आई कहां से है

ज़र्रे में गर तड़प है तो इस ख़ाके पाक से

सूरज में रोशनी है तो इस आसमां से है

है इस के दम से गरमी-ए-हंगाम-ए- जहां4

मग़रिब5 की सारी रोनक इसी एक दुकां से है

मौलाना ज़फ़र अली ख़ां1.घण्टा, 2.ज़रिया, 3.क़ुदरत, 4.दुनिया की उथल पुथल, 5. पश्चिम

Tuesday, November 24, 2009

वन्दे मातरम् राष्ट्रीयता की कसौटी नहीं है-2

पिछले का शेष............

लोकमान्य तिलक की मृत्यु के बाद वह कांगे्रस और हिन्दू महा सभा दोनों में काम करते रहे। गांधी जी के अहिंसक असहयोग और सविनय अवज्ञा आंदोलनों में भाग लेकर ख़िलाफ़त आन्दोलन के वे आलोचक हो गए व पकड़े भी गए और 1922 में जेल से छूटे। नागपुर में 1923 के दंगों में उन्होंने डा॰ मुंजे के साथ सक्रिय सहयोग किया। अगले साल सावरकर का ‘‘हिन्दुत्व’’ निकला जिसकी पाण्डुलिपि उनके पास भी थी। सावरकर के हिन्दू राष्ट्र के सपने को साकार करने के लिए ही हेडगेवार ने 1925 में दशहरे के दिन राष्ट्रीय स्वयंमसेवक संघ की स्थापना की।

तब से वे निजी हैसियत में तो आज़ादी के आन्दोलन और राजनीति में रहे। लेकिन संघ को इन सबसे अलग रखा। सारा देश जब नमक सत्या गृह और सिविल नाफ़रमानी में कूद पड़ा तो हेडगेवार भी उसमें आए लेकिन राष्ट्रीय स्वयंमसेवक संघ की कमान परांजपे को सौंप गए। वह स्वयंसेवकों को उनकी निजी हैसियत में तो आज़ादी के आन्दोलन में भाग लेने देते थे लेकिन संघ को उनने सशस्त्र क्रांतिकारी गतिविधि में लगाया न अहिंसक असहयोग आन्दोलन में लगने दिया। संघ ऐसे समर्पित लोगों के चरित्र निर्माण का कार्य कर रहा था जो देश के लिए कुरबान हो जाएंगे। सावरकर ने तब चिढ़ कर बयान दिया था, ‘‘संघ के स्वयं सेवकों के समाधि लेख में लिखा होगा, वे जन्मा संघ में गया और बिना कुछ किए धरे मर गया।


हेडगेवार तो फिर भी क्रान्तिकारियों और असहयोग आन्दोलन कार्यों में रहे, दूसरे सर संचालक माधव सदाशिव गोलवलकर तो ऐसे हिन्दू राष्ट्र निष्ठ थे कि राष्ट्रीय आन्दोलन, क्रान्तिकारी गतिविधियों और ब्रिटिश विरोध से उनने संघ और स्वयं सेवकों को बिल्कुल अलग कर लिया। वाल्टर एन्डरसन और श्रीधर दामले ने संघ पर जो पुस्तक ‘‘द ब्रदर हुड इन सेफराॅन’ लिखी है उसमें कहा है ‘‘गोलवलकर मानते थे के राष्ट्रीय स्वयंमसेवक संघ पर पाबंदी लगाने का कोई बहाना अंग्रेज़ों को न दिया जाए।’’ अंग्रेजों ने जब गैर सरकारी संगठनों में वर्दी पहनना और सैनिक क़वायद पर पाबंदी लगाई तो संघ ने इसे तत्काल स्वीकार किया। 29 अप्रैल 1943 को गोलवल्कर ने संघ के लोगों को एक दस्ती पत्र भेजा इसमें संघ की सैनिक शाखा बंद करने का आदेश था।

दस्ती पत्र की भाषा से पता चलता है कि संघ पर पाबंदी की उन्हें कितनी चिंता थी। ‘‘हमने सैनिक क़वायद और वर्दी पहनने पर पाबंदी जैसे सरकारी आदेश मान कर ऐसी सब गतिविधियों छोड़ दी हैं ताकि हमारा काम क़ानून के दायरे में रहे, जैसा कि क़ानून को मानने वाले हर संगठन को करना चाहिए। ऐसा हमने इस उम्मीद में किया कि हालात सुधर जाएंगे और हम फिर यह प्रशिक्षण देने लगेंगे। लेकिन अब हम तय कर रहे हैं कि वक़्त के बदलने का इंतिज़ार किए बिना यह गतिविधियां और यह विभाग ही समाप्त कर देंगे।’’ (यह वह दौर था जब नेताजी सुभाष चंद्र बोस जैसे क्रान्तिकारी अपने तरीक़े से संघर्ष कर रहे थे।) पारंपरिक अर्थों में गोलवलकर क्रान्तिकारी नहीं थे। अंग्रेज़ो ने इसे ठीक से समझ लिया था।1943 में संघ की गतिविधियों पर तैयार की गई एक सरकारी रिपोर्ट में गृह विभाग ने निष्कर्ष निकाला था कि संघ से विधि और व्यवस्था को कोई आसन्न संकट नहीं है।


1942 के भारत छोड़ो आन्दोलन में हुई हिंसा पर टिप्पणी करते हुए मुंम्बई के गृह विभाग ने कहा था ‘‘संघ ने बड़ी सावधानी से अपने को क़ानूनी दायरे में रखा है, ख़ासकर 1942 में जो हिंसक उपद्रव हुए हैं उनमें संघ ने बिल्कुल भाग नहीं लिया है।’’ हेडगेवार 1925 से 1940 तक सर संघ संचालक रहे और उनके बाद आज़ादी मिलने तक गोलवलकर रहे। इन 22 वर्षों में आज़ादी के आन्दोलन में संघ ने कोई योगदान या सहयोग नहीं किया। संघ परिवारियों के लिए संघ कार्य ही राष्ट्र सेवा और राष्ट्र भक्ति का सबसे बड़ा काम था। संघ का कार्य क्या है? हिन्दू राष्ट्र के लिए मर मिटने वाले राष्ट्रीय स्वयं सेवकों का संगठन बनाना, इन स्वंय सेवकों का चरित्र निर्माण करना उनमें राष्ट्र भक्ति को ही जीवन की सबसे बड़ी प्रेरणा और शक्ति मानने की परम आस्था बैठाना।

1947 में जब देश आज़ाद हुआ तो देश में कोई 7 हज़ार शाखाओं में 6 से 7 लाख स्वयं सेवक भाग ले रहे थे। आप पूछ सकते हैं कि एकनिष्ठ देश भक्त स्वयं सेवकों ने आज़ादी के आन्दोलन में क्या किया? अगर यह सशस्त्र क्रान्ति में विश्वास करते थे तो अंग्रेज़ों के ख़िलाफ़ इनने कितने सशस्त्र उपद्रव किए, कितने अंगे्रज़ों को मारा और उनके कितने संस्थानों को नष्ट किया। कितने स्वयं सेवक अंगे्रज़ों की गोलियों से मरे और कितने वन्दे मातरम् कह कर फांसी पर झूल गए। हिन्दुत्व वादियों के हाथ से एक निहत्था अहिंसक गांधी ही मारा गया।


संघ और इन स्वयं सेवकों के लिए आज़ादी के आन्दोलन से ज़्यादा महत्वपूर्ण स्वतंत्र हिन्दू राष्ट्र के लिए संगठन बनाना और स्वयं सेवक तैयार करना था। संगठन को अंगे्रज़ों की पाबंदी से बचाना था। इनके लिए स्वतंत्र भारत राष्ट्र अंगे्रज़ों से आज़ाद कराया गया भारत नहीं था। इनका हिन्दू राष्ट्र तो कोई पाँच हज़ार साल से ही बना हुआ है। उसे पहले मुसलमानों और फिर अंग्रेज़ों से मुक्त कराना है। मुसलमान हिन्दू राष्ट्र का दुशमन नं॰ 1 और अंग्रेज़ नं॰ 2 था। सिर्फ अंग्रेज़ों को बाहर करने से इनका हिन्दू राष्ट्र आज़ाद नहीं होता। मुसलमानों को भी या तो बाहर करना होगा या उनहें हिन्दू संस्कृति को मानना होगा। इसलिए अब उनका नारा है वंदे मातरम् गाना होगा, नहीं तो यहां से जाना होगा।

सवाल यह है कि जब आज़ादी का आन्दोलन संघ परिवारियों के लिए स्वैच्छिक था तो स्वतंत्र धर्म निर्पेक्ष लोकतांत्रिक भारत में वंदे मातरम् गाना स्वैच्छिक क्यूँ नहीं हो सकता? भारत ने हिन्दू राष्ट्र को स्वीकार नहीं किया है। यह भारत संघियों का हिन्दू राष्ट्र नहीं है। वंदे मातरम् राष्ट्र गीत है, राष्ट्रीयता की कसौटी नहीं है।..........................................

सरफ़रोशी की तमन्ना

सरफरोशी की तमन्ना अब हमारे दिल में है।

देखना है ज़ोर कितना बाजू-ए-क़ातिल में है।।

रह रवे राहे मुहब्बत रह न जाना राह में।

लज़्ज़ते सहरा नवरदी दूरिये मंज़िल में है।।

वक्त आने दे बता देंगे तुझे ऐ आस्मां।

हम अभी से क्या बतायें क्या हमारे दिल में है।।

आके मक़तल में यह क़ातिल कह रहा है बार बार।

क्या तमन्नाये शहादत भी किसी के दिल में है।।

ऐ शहीदे मुल्को मिल्लत तेरे कदमों पर निसार।

तेरी क़ुरबानी का चर्चा ग़ैर की महफ़िल में है।।

अब न अगले वलवले हैं और न अरमानों की भीड़।

एक मिट जाने की हसरत अब दिले बिस्मिल में है।।

असीर सियालकोटी

वन्दे मातरम् राष्ट्रीयता की कसोटी नहीं है

कोई अन्तर नहीं पड़ता अगर समय और परिस्तिथियां अनुमति दें तो दुनिया के किसी कोने में भी बैठ कर अपने आन्दोलन को जारी रख सकते हैं। मैं इस समय वाशिंगटन में हूं और रात के साढ़े तीन बजे हैं। जब मैं इस विषय पर आज प्रकाशित किए जाने वाले लेख के यह प्रारंभिक वाक्य लिख रहा हूं। जिस समय मैं भारत से रवाना हुआ मेरे क़िस्तवार कॉलम ‘‘आज़ाद भारत का इतिहास’’ में ‘वंदे मातरम्’ पर बहस जारी थी यह बहस अभी जारी रहनी है, इसलिए कि इस पर विवाद की शुरूआत तो 1937 में ही हो गई थी, मगर संघ परिवार वाले आज़ादी के बाद से ही इसे अपना एक प्रभावी हथियार मानते रहे हैं, जिससे जब उनका दिल चाहता है मुसलमानों को घायल कर देते हैं।

ख़ुदा जाने किसने उन्हें यह अधिकार दिया कि कोई एक गीत भी देश से प्रेम की कसौटी हो सकता है और इस गीत का निर्णय भी उनके द्वारा ही किया जाएगा। क्योंकि कि इस बार देश की उस महान संस्था दारुल उलूम देवबंद को निशाना बनया गया, जिसने स्वाधीनता संग्राम में महम्वपूर्ण भूमिका निभाई तो हमें लगा कि यह बहस उठ ही गई है तो अब इसे किसी विशेष नतीजे पर पहुंचना चाहिए, अतः सबसे पहले हमने अपने श्रृंखलाबद्ध लेख में बंकिम चंद उपाध्याय के उपन्यास ‘‘अनंद मठ’ के महत्वपूर्ण अंश शामिल किए, ताकि हिन्दू भाई भी जानें कि क्या हिन्दुओं के लिए भी इसको देश से प्रेम की कसौटी ठहराया जाना चाहिए, जबकि अंग्रेज़ सरकार से प्रेम और उनके सत्ता में आने को सफलता उपन्यासकार का इस उपन्यास में उद्देश्य नज़र आता है।


पिछले दो दिन के लेखों में आपने आरिफ़ मो॰ ख़ान के वंदे मातरम् पर लिखे गए लेख और ‘वंदे मातरम्’ का उर्दू अनुवार पढ़ा है, मैंने इसमें किसी भी तरह की एडिटिंग नहीं की, इसलिए कि मैं चाहता था कि उन ज़िम्मेदार लोगों के दृष्टिकोण शब्दशः आप तक पहुँचें। आज भी इस पर कोई टिप्पणी नहीं इसलिए कि आज मैं स्वर्गीय प्रभाष जोशी का इसी विषय पर लिखा गया लेख जिसका शीर्षक है ‘‘यह राष्ट्रीयता की कसौटी नहीं’’ मगर मैंने इसे अपने क़िस्तवार काॅलम में मामूली से संशोधन के साथ ‘‘वंदे मातरम्’’ राष्ट्रीयता की कसौटी नहीं है’’ के शीर्षक के साथ पेश किया है। यह लेख स्वयं अपने आप में संघ परिवार के विचारों की क़लई खोलता है। देखें स्वर्गीय प्रभाष जोशी के क़लम से लिखा गया एक उच्च कोटि का

लेखः

जिन राज्यों में भारतीय जनता पार्टी का राज है और जहां वह दूसरी पार्टी के साथ राज कर रही है, वहां की सरकारों ने ‘वंदे मातरम्’ गाने को अनिवार्य कर दिया था। लेकिन जहां कांग्रेस और दूसरी पार्टियों का राज है वहां उसके गाने न गाने की छूट थी। जिन भाजपाई सरकारो ने इसे अनिवार्य किया वह भी दावा नहीं कर सकतीं कि जो मुसलमान, ईसाई और सिख इसे गाना नहीं चाहते थे उनसे भी वंदे मातरम् गवा लिया गया है।

आदमी अगर ऐसा ही मशीनी होता और तो और गाना रिकार्ड बजवाने जैसा मेकेनिकल काम होता तो ना तो महान गीत होते ना महान संगीत। अपनी माँ, मातृभूमि और देश से आप सहज और स्वैच्छिक प्रेम करते हैं, कोई करवा नहीं सकता। सहजता और स्वैच्छिकता संस्कृति की महान उपलब्धियों की कुंजी है। जो राष्ट्र अपने नागरिकों की सहजता और स्वैच्छिकता का आदर करता है उन पर कोई चीज़ थोप कर उन्हें मजबूर नहीं करता सभ्यता और संस्कृति में वह उतना ही विकसित होता है।


कोई प्रेरित व्यक्ति जितने बड़े काम कर सकता है मजबूर आदमी नहीं कर सकता है। अगर इस सत्य को आप समझते हैं तो लोगों को प्रेरित करेंगे, जो वे मन से और सहजता से कर सकते हैं, उसे करने की छूट देंगे और इस स्वतंत्र और स्वैच्छिकता वातावरण में जो प्राप्त होगा उसका गौरव गान करेंगे। वंदेमातरम् के राष्ट्रगीत होने की जैसे भी और जैसी भी मनाई गई शताब्दी पर अगर देशप्रेम, शहीदों और स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के प्रति कृतज्ञता और समर्पण को ऊँचा उठा देने वाली भावना सर्वव्यापी नहीं हुई तो दोष उन्हीं का है जो इसका गाना अनिवार्य करना चाहते थे।

यह पहली बार नहीं हुआ है कि मुसलमानों के एक तबक़े ने वंदे मातरम् के गाने को इस्लाम विरोधी कहा हो। वैसे ही यह भी पहली बार नहीं हुआ है कि संघ परिवारियों ने इसके गाने को मुसलमानों के लिए अनिवार्य करने का हल्ला मचाया हो। मुस्लिम लीग, हिन्दू महा सभा और राष्ट्रीय स्वयंमसेवक संघ के बीच यह झगड़ा आज़ादी के बहुत पहले से चला आ रहा है। आज़ादी के आन्दोलन की मुख्यधारा तो कांग्रेस की ही थी और उसी ने वंदे मातरम् को बाक़ायदा अपनाया भी। लेकिन उसी ने इसे गाते हुए भी इस का गाना स्वैच्छिक रखा। कांगे्रस का 1937 के अधिवेशन का प्रस्ताव इसका प्रमाण है। उसी ने इसे स्वतंत्र लोकतांत्रिक गणराज्य भारत का राष्ट्र गीत भी बनाया।


अल्प संख्यकों ख़ासकर मुसलमानों के लिए वंदे मातरम् का गाना अनिवार्य करने की मांग संघ परिवारियों की ही रही है। यह वही लोग हैं जिनने उस स्वतंत्रता संग्राम को भी स्वैच्छिक माना है जिसमें से वंदे मातरम् निकला है। अगर भारत माता की स्वतंत्रता के लिए कुरबान हो जाना ही देश भक्ति की कसौटी है तो संघ परिवारी तो उस पर चढ़े भी नहीं, खरे उतरने की तो बात ही नहीं है। लाल कृष्ण आडवाणी ने कहा कि ऐसा नहीं हो सकता कि राष्ट्र भक्ति का कोई प्रतीक स्वैच्छिक हो। तो फिर आज़ादी की लड़ाई के निर्णायक ‘‘भारत छोड़ो आन्दोलन’’ के दौरान वे ख़ुद क्या कर रहे थे?


उनने ख़ुद ही कहा है- ‘‘मैं संघ में लगभग उन्हीं दिनों गया जब भारत छोड़ो आन्दोलन छिड़ा था क्योंकि मैं मानता था कि कांग्रेस के तौर तरीक़ों से तो भारत आज़ाद नहीं होगा। और भी कुछ करने की ज़रूरत थी।’’ संघ का रवैया यह था कि जब तक हम पहले देश के लिए अपनी जान क़ुरबान कर देने वाले लोगों का मज़बूत संगठन नहीं बना लेते, भारत स्वतंत्र नहीं हो सकता। लाल कृष्ण आडवाणी भारत छोड़ो आन्दोलन को छोड़ कर कराची में आराम-दक्ष करते देश पर क़ुरबान हो सकने वाले लोगों का संगठन बनाते रहे। पाँच साल बाद देश आज़ाद तो हो गया। इस आज़ादी में उनके संगठन संघ के कितने स्वयंसेवकों ने जान की कुरबानी दी ज़रा बताएं।


एक और बड़े देशभक्त स्वयंसेवक अटल बिहारी वाजपयी हैं वह भी भारत छोड़ो आन्दोलन के दौरान बच्चे नहीं, संघ कार्य कर्ता स्वयंसेवक ही थे। एक बार बटेशवर में आज़ादी के लिए लड़ते लोगों की संगत में पड़ गए। उधम हुआ। पुलिस ने पकड़ा हो उत्पात करने वाले सेनानियों को नाम बताकर छूट गए। (दस्तावेज़ी प्रमाण के लिए यहाँ देखें।) आज़ादी आने तक उनने भी देश पर कुरबान होने वाले लोगों का संगठन बनाया जिन्हें कुरबान होने की ज़रूरत ही नहीं पड़ी। क्योंकि वह भी आज़ादी के आन्दोलन को राष्ट्र भक्ति के लिए स्वैच्छिक समझते थे।


अब राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ अपने को देश भक्तों का महान संगठन कहे और देश पर जान न्यौछावर करने वालों की सूची बनाए तो यह बड़े मज़ाक़ का विषय है। 1925 में संघ की स्थापना करने वाले डा॰ केशव बलिराम हेडगेवार को बड़ा क्रांतिकारी और देश भक्त बताया जाता है। वे डाक्टरी की पढ़ाई करने 1910 में नागपुर से कोलकाता गए जोकि क्रान्तिकारियों का गढ़ था। हेडगेवार वहां 6 साल रहे। संघ वालों का दावा है कि कोलकाता पहुंचते ही उन्हें अनुशीलन समिति की सबसे विश्वस्नीय मंडली में ले लिया गया और मध्यप्रांत के क्रांतिकारियों को हथियार और गोला-बारूद पहुंचाने की ज़िम्मेदारी उन्हीं की थी।


लेकिन ना तो कोलकाता के क्रांतिकारियों की गतिविधियों के साहित्य में उनका नाम आता है, न तब के पुलिस रिकॉर्ड में। (इतिहासकारों का छोड़ें क्योंकि यहां इतिहासकारों का उल्लेख करने पर कुछ को उनकी निष्पक्षता पर सवाल खड़ा करने का अवसर मिल सकता है) ख़ैर हेडगेवार ने वहां कोई महत्व का काम नहीं किया ना ही उन्हें वहां कोई अहमियत मिली। वे ना तो कोई क्रांतिकारी काम करते देखे गए और ना ही पुलिस ने उन्हें पकड़ा। 1916 में वे वापस नागपुर आ गए।.........................(जारी)

मर जायेंगे

देश हित पैदा हुए हैं देश हित मर जायेंगे

मरते मरते देश को ज़िन्दा मगर कर जायेंगे

हमको पीसेगा फलक चक्की में अपनी कब तलक

ख़ाक बन कर अंख में उसकी बसर कर जायेंगे

कर रही बादे-ए-खिजां को बादे सर सर दूर क्यों

पेशवाए फसले गुल हैं ख़ुद समर कर जायेंगे

ख़ाक में हमको मिलाने का तमाशा देखना

तो मरे ‘जी’ से नये पैदा शजर हो जायेंगे

नौ नौ आंसू जो रूलाते हैं हमें उनके लिये

अश्क के सैलाब से बरपा हशर हो जायेंगे

गरदिशे गरदाब में डूबें तो कुछ परवा नहीं

बहरे हस्ती में नई पैदा लहर कर जायेंगे

क्या कुचलते हैं समझ कर वह हमें बर्गे हिना

अपने खूं से हाथ उनके तर बतर कर जायेंगे

नक्शे पा हैं क्या मिटाता तू हमें ज़ोरे फलक

रहबरी का काम देंगे जो गुज़र कर जायेंगे

आर.एन.शर्मा

अब एक नज़र विभिन्न विचारधाराओं पर भी-2

पिछले का शेष....

यहां मैं यह भी कहना चाहूंगा कि कोई क़ानून बनाकर, ज़ोर जबरदस्ती करके किसी को अपनी मां से प्यार करने के लिए मजबूर नहीं कर सकता। किसी के प्रति प्यार पैदा करने के लिए क़ानून में कोई तरीक़ा नहीं है, लेकिन किसी व्यक्ति को यह एहसास अवश्य कराया जा सकता है कि यदि उसने अपनी मां से मोहब्बत नहीं की, उसकी सेवा नहीं की तो मां के क़दमों में जो जन्नत है, वह उसे नहीं मिलेगी। जहां हम पैदा हुए हैं, उसे हम मादरे वतन(मातृभूमि)कहते हैं, इस मादरे वतन की अपनी मां के साथ तुलना करूं तो यह कोई मज़हब विरोधी काम नहीं है, जिसका दोहन हमने सारी ज़िदगी किया, जिसका अनाज और पानी अंतिम सांस तक पिया, उसका कोई अधिकार हमारे ऊपर है या नहीं?


हदीस में भी एक स्थान पर कहा गया है कि पूरी धरती मेरे लिए मस्जिद बना दी गई है, इसीलिए यह दिखाई देता है कि केवल मस्जिद में नमाज़ पढ़ना ज़रूरी नहीं है बल्कि एक मुसलमान यात्रा के समय रेलगाड़ी में, प्लेटफार्म या पैदल चलते समय कहीं भी, किसी पेड़ के नीचे गमछा (अंग वस्त्र) बिछाकर नमाज़ पढ़ लेता है तो क्या कोई कहेगा कि मस्जिद का सम्मान नहीं होना चाहिए? फिर उस मस्जिद (धरती) का कितना सम्मान होना चाहिए जहां ऊपर वाले ने हमें पैदा किया है? इसका फल-फूल, अन्न-पानी तो हमने खाया ही है, मरने पर हमें इसी धरती का हिस्सा बन जाना है। जिस मिट्टी में मेरे बुज़ुर्गो की हड्डियां मिली हुई हैं, क्या वो मेरे लिए क़ाबिले ताज़ीम नहीं होनी चाहिए?

उस धरती की ताज़ीम करना मेरा फर्ज़ है, जिसे हदीस में मस्जिद कहा गया है। यानी धरती की ताज़ीम करनी चाहिए। पर मेरी अपनी धरती, जहां मैंने जन्म लिया, मैं इससे प्यार क्यों न करूं?

जब मैंने वन्दे मातरम् का अनुवाद करना शुरू किया तो मुझे लगा कि लोग इस बेमिसाल गीत का अज्ञानता के कारण विरोध करते हैं। मैंने भी वन्दे मातरम् की गहराई को तब समझा जब मैंने इसका अनुवाद करना प्रारंभ किया। मैंने पूरे वन्दे मातरम् का अनुवाद नहीं किया है, जिस पर वर्तमान में जिस वन्दे मातरम् की चर्चा हो रही है, उस वन्दे मातरम् का अनुवाद किया है जो हमारी संविधान सभा द्वारा राष्ट्रगीत के रूप में स्वीकृत किया गया है, वह वही मूल गीत है जो 1875 में बंकिम चन्द्र जी ने लिखा है। बाद में 1881 में ‘आनंद मठ’ में इसे शामिल करते समय इसका विस्तार किया गया था। इसलिए मैंने उसी वन्दे मातरम् का अनुवाद किया जो राष्ट्रगीत के रूप में स्वीकृत किया गया था।

पर सम्पूर्ण वन्दे मातरम्, जिसके बारे में कहा जाता है कि उसमें मूर्ति पूजा का भाव आता है, वास्तव में ‘आनंद मठ’ उपन्यास की आवश्यकता के कारण इसमें वह हिस्सा जोड़ा गया और जहां तक बंकिम बाबू की बात है, तो वे जिस समुदाय से संबंध रखते थे वह मूर्ति पूजा का विरोधी था। बंकिम चंद्र ने स्वयं मूर्ति पूजा के विरूद्ध एक लेख लिखा है। ‘काल टू ट्रूथ’ नामक अपने लेख में उन्होंने लिखा था, ‘मूर्ति पूजा विज्ञान विरोधी है। जहां कहीं मूर्ति पूजा है वहां ज्ञान नहीं रहता।

वे आर्य ऋर्षि, जिन्होंने भारत में ज्ञान का वर्धन किया, वे मूर्तिपूजक नहीं थे।’ बंकिम चन्द्र ने वन्दे मातरम् के अगले खंड में ऐसी बातें क्यों लिखीं, जिनसे मूर्ति पूजा का आभास होता है, इस पर गहराई से विचार करना चाहिए। मेरी दृष्टि में इसका कारण यह था कि केवल भारत ही नहीं, सभी पूर्वी देशों में यह पुरानी परम्परा रही है कि जब भी किसी राष्ट्रीय मुद्दे पर जनचेतना जगानी होती थी तो उसे एक धार्मिक आधार प्रदान कर दिया जाता था। उस समय बंगाल में मुस्लिम नवाब का शासन केवल नाममात्र को था और सत्ता के सूत्र वास्तव में अंग्रेज़ों के पास थे। ऐसे में इन दोनों में विरुद्ध राष्ट्रवादी लोगों की चेतना जागृत करने के लिए बंकिम चंद्र ने वन्दे मातरम् में धार्मिक प्रतिमानों का सहारा लिया।

जो लोग यह कहते हैं कि बंकिम चन्द्र के उपन्यास ‘आनंद मठ’ से भी उनके मुस्लिम विरोधी होने का आभास मिलता है, उन्हें इस ऐतिहासिक पृष्ठभूमि को भी समझना चाहिए कि उस समय देश को गुलाम बनाने वाले अंग्रेज़ बंगाल के नवाब के एजेन्ट के रूप में कार्य कर रहे थे। ‘आनंद मठ’ में बंकिम चन्द्र का आक्रोश उस नवाब के विरुद्ध है, आम मुसलमान के विरुद्ध नहीं।


हालांकि मैं नहीं मानता, पर पाकिस्तान के अधिकांश और भारत में बहुत से लोगों का ऐसा मानना है कि अल्लामा इक़बाल पाकिस्तान के सूत्रधार थे। लेकिन क्या इस आधार पर भारत में कोई कहेगा कि ‘सारे जहां से अच्छा हिन्दोस्तां हमारा’ गाना बंद कर दिया जाए? बंकिम चन्द्र के साहित्य को भी इसी दृष्टि से देखें। प्रख्यात आलोचक रियाजुल करीम ने इसलिए वन्दे मातरम् पर साहित्यिक चर्चा करते हुए मन को छू जाने वाला एक वाक्य लिखा है। उन्होंने कहा कि इस गीत ने गूंगों को जबान दे दी है और जो कमज़ोर दिल के थे, उन्हें साहस दे दिया। इस दृष्टि से बंकिम चन्द्र का योगदान अतुलनीय है।दरअसल आज़ादी के आंदोलन के दौरान वन्दे मातरम् का विरोध इसलिए नहीं किया गया कि इसमें कहीं मज़हब विरोधी बातें थी, बल्कि इसलिए किया गया ताकि मुसलमान राष्ट्रीय आंदोलन का हिस्सा न बनें।

इसीलिए मोहम्मद अली जिन्ना ने 1936 में कांग्रेस के साथ बातचीत में जो तीन शर्ते रखीं, उनमें पहली थी कि कांग्रेस मुस्लिम सम्पर्क का काम बंद करे। वन्दे मातरम् न गाने की शर्त दूसरी थी। मुस्लिम सम्पर्क बंद करने की मांग इसलिए की गई ताकि कांग्रेस यह न कह सके कि वह राष्ट्रीय पार्टी है। सभी वर्गो का प्रतिनिधित्व करती है। यदि कांग्रेस सिर्फ हिन्दू पार्टी बनकर रह जाती तभी तो मुस्लिम लीग को मुसलमानों की पार्टी माना जाता। इसलिए मुस्लिमों में कांग्रेस के सम्पर्क कार्यक्रम का विरोध किया गया। इस राजनीतिक उद्देश्य की पूर्ति के लिए वन्दे मातरम् का विरोध किया गया।

जिन्ना का उद्देश्य स्पष्ट था कि भले ही आज़ादी अभी मिले या देर से मिले, पर पहले हमारी मांगों का फैसला हो जाए। जब आजादी के बारे में ही जिन्ना का दृष्टिकोण बदल चुका था, तब वन्दे मातरम् के बारे में उनकी सोच को समझा जा सकता है।जिन लोगों ने यह कहा है कि न केवल हमारा मजहब अलग हैं, बल्कि हमारी संस्कृति और परम्पराएं अलग हैं। इसी द्विराष्ट्रवाद के सिद्धांत के आधार पर अलग देश बनाया, वे आज बहुत पीछे हैं, उनके टुकड़े भी हो गए। पर इस सिद्धांत का विरोध करने वाले भारत में सभी मत, पंथों, साम्प्रदायों के लोग शांतिपूर्वक रह रहे हैं और यह देश आगे बढ़ रहा है। पर देश के विभाजन का ज़ख़्म बहुत गहरा है।


यदि देश का विभाजन न हुआ तो हम 20 वर्ष बाद भारत के महाशक्ति बनने का जो सपना देख रहे हैं, वह अब तक पूरा हो गया होता। लेकिन इतनी बड़ी हानि उठाने के बाद भी कुछ लोग इस देश में ऐसे हैं, जो पूरे इतिहास की अनदेखी कर यह कह रहे हैं कि हमारी पहचान अलग है। यद्यपि अब उनमें इतना साहस तो नहीं है कि वे यह कहें कि हम मज़हब के आधार पर अलग राष्ट्र हैं। जिन्ना की अलगाववादी विरासत को संभाले हुए कुछ लोग उसी सोच को खाद-पानी देने के लिए आज भी वन्दे मातरम् का विरोध कर रहे हैं। इसीलिए मैंने वन्दे मातरम् का अनुवाद किया ताकि इसके बारे में कोई भ्रम न फैला सके। साथ ही मुझे यह भी कहना है कि यदि कोई न गाना चाहे तो न गाए, यह उसका व्यक्तिगत मामला है।

क़ानून बनाकर उसे बाध्य नहीं किया जा सकता, लेकिन वन्दे मातरम् का विरोध करने का कोई कारण नहीं है। इसका विरोध करने वालों को समझना चाहिए कि भले ही इस राष्ट्रगीत के प्रति उसकी भावना सही न हो, पर इतना तो ध्यान रखें कि इस देश के करोड़ों-करोड़ लोगों के लिए यह गीत राष्ट्रीयता का प्रतीक है। फांसी के फंदे पर झूलने वाले उन लोगों को तो याद कर लीजिए, जिनके लबों पर अंतिम समय में यह गीत था।

अगर वन्दे मातरम् गाते हुए लोग सड़कों पर न निकले होतो, फांसी न चढ़े होते तो आज यह आज़ादी न मिली होती। आज भी इस देश में वे जगहें होतीं, जहां लिखा होता कि भारतीय और कुत्ते यहां नहीं आ सकते। वन्दे मातरम् का विरोध करने वाले कम से कम इस बात का श्रेय तो उन क्रांतिवीरों को दे ही सकते हैं जिनके कारण उन्हें और हमें कुत्ते की श्रेणी से निकलकर एक इंसान के रूप में एक आज़ाद देश में स्वाभिमान के साथ रहने का मौक़ा मिला।


उम्मीद की झलक

उरुजे कामयाबी पर कभी हिन्दोस्तां होगा

रिहा सैयाद के हाथों से अपना आशयां होगा

चखायेंगे मज़ा बरबादिये गुलशन का गुलचीं को

बहार आजाएगी उस दिन जब अपना बाग़बां होगा

वतन की आबरू का पास देखें कौन करता है

सुना है आज मक़तल में हमारा इमतिहां होगा

जुदा मत हो मेरे पहलू से ऐ दर्दे वतन हरगिज

न जाने बाद मुर्दन मैं कहां और तू कहां होगा

यह आये दिन की छेड़ अच्छी नहीं ऐ खंजरे क़ातिल

बता कब फैसला उनके हमारे दर्मियां होगा

शहीदों की चिताओं पर लगेंगे हर वर्ष मेले

वतन पर मरने वालों का यही बाक़ी निशां होगा

कभी वह दिन भी आएगा कि जब स्वराज देखेंगे

जब अपनी ही ज़मीं होगी जब अपना आसमां होगा


उल्लास वर्मा

Sunday, November 22, 2009

अब एक नज़र विभिन्न विचारधाराओं पर भी


अपने इस सिलसिलेवार लेख ‘‘आज़ाद भारत का इतिहास’’ के तहत पिछले कुछ दिनों से मैं ‘‘वंदे मातरम्’’ शीर्षक पर लिख रहा हूं। शुरू में बंकिम चंद्र चटोपाध्याय के उपन्यास ‘‘आनंद मठ’’ के हवाले से मैंने कुछ ऐसे अंश अपने पाठकों, अपने देशवासियों और भारत सरकार की सेवा में पेश किए, ताकि स्पष्ट कर सकूं कि आज़ादी से पूर्व से लेकर आज तक दरअसल ‘‘वंदे मातरम्’’ विवाद का शिकार क्यों होता रहा है। अभी तो मैंने कुछ अंश ही पेश किए हैं, जिससे यह साफ़ ज़ाहिर होता है कि न केवल मुस्लिम दुशमनी, मुसलमानों से घृणा और नाराजगी इस उपन्यास की भूमि है, बल्कि हिन्दू धर्म के मानने वाले भारतीयों की भूमिका भी बहुत अच्छी नहीं दिखाई गई है और हद तो उस समय हो गई जब इस उपन्यास का केंन्द्रीय विचार अंग्रेज़ों का समर्थन करता नज़र आता है।

ऐसी स्थिति में अगर इस उपन्यास के प्रमुख अंश ‘‘वंदे मातरम्’’ को बार-बार विवाद का सामना करना पड़ता है, तो यह कोई बहुत आश्चर्य की बात नहीं है। अच्छा तो यह था कि इस मूक विषय को फिर से देवबंद की धर्ती से आवाज़् देकर नया जीवन न दिया गया होता, लेकिन जिस तरह 6 वर्ष पूर्व दारुलउलूम देवबंद द्वारा ‘‘वंदे मातरम्’’ पर दिए गए फ़तवे को वर्तमान अधिवेशन में जो जमीअत उलमा-ए-हिन्द की ओर से नवम्बर के पहले सप्ताह में आयोजित किया गया था, उठाया गया तो फिर से एक नई चर्चा शुरू हो गई। न चाहते हुए भी हमें अपना राष्ट्रीय दायित्व जान पड़ा कि न केवल बंकिम चंद्र उपाध्याय के उपन्यास ‘‘आनंद मठ’’ का अध्ययन करके, बल्कि इतिहास के दामन में झांक कर सम्पूर्ण सच्चाइयों को सामने लाया जाए। दारुल उलूम देवबंद के सम्मान पर किए गए हमले के बाद तथ्यों को समाने लाना तो आवश्यक था ही लेकिन भारतीय समाज को भी तमाम तथ्यों की जानकारी हो ताकि बार-बार यह विवाद खड़ा न हो, इसलिए हमने बाक़ाएदा तहक़ीक़ करके लिखना शुरू किया।

यह सिलसिला अब भी जारी है, लेकिन इस बीच विभिन्न विचारधाराओं पर आधारित लेख भी हमारी नज़रों से गुज़रे, ऐसा न लगे कि केवल हम अपनी ही बात कहने का इरादा रखते हैं, इसलिए हमने आवश्यक समझा कि कुछ विशिष्ट व्यक्तियों के विचारों पर आधारित उनके लेख भी प्रकाशन में सम्मिलित किए जाएं।


पूर्व केन्द्रीय मंत्री आरिफ़ मो॰ ़ख़ाँ उन लोगों में से हैं जिन्होंने ‘‘वंदे मातरम्’’ के विषय पर बहुत कुछ लिखा है। और केवल इतना ही नहीं लिखा है, उन्होंने उर्दू भाषा में ‘‘वंदे मातरम्’’ का अनुवाद भी किया है। हम अपनी आज और कल की क़िस्त में आरिफ़ मो॰ ख़ाँ का लेख ‘‘जिस धर्ती पर अन्न-जल खाया उसको नमन क्यों न करें’’ प्रकाशित करने जा रहे हैं, उसके बाद स्वर्गीय प्रभाष जोशी का लेख पाठकों के सामने पेश किया जाएगा, इसलिए ‘‘वंदे मातरम्’’ पर जारी की गई इस चर्चा के संदर्भ में पेश है आरिफ़ मो॰ ख़ाँ का दृष्टिकोणः


वन्दे मातरम् पर इस समय कोई विवाद होना ही नहीं चाहिए था। अगर कोई विवाद था तो वह 1936 में ही सुलझ गया था। इसके बाद भी यदि कोई दल या कुछ लोग उसका विरोध करते हैं तो वे संविधान विरोधी कार्य कर रहे हैं, क्योंकि संविधान सभा ने एक प्रस्ताव पारित कर जन गण मन के समान ही वन्दे मातरम् को राष्ट्र गीत स्वीकार किया है। लेकिन जब मैंने मुस्लिम पर्सनल ला बोर्ड के प्रवक्ता को टीवी पर यह कहते हुए सुना कि पर्सनल ला बोर्ड ने मुस्लिम अभिभावकों को यह सलाह दी है कि वे 7 सितम्बर को अपने बच्चों को स्कूल न भेजें और वन्दे मातरम् से परहेज करें, तब मेरे मन में यह बात पैदा हुई कि जो वन्दे मातरम् से परहेज करने की अपील कर रहे हैं, क्या उन्होंने स्वयं संस्कृत में लिखा वन्दे मातरम् पढ़ा है?

क्या उसका अभिप्राय समझा है? अथवा ये लोग इस बात का फायदा उठा रहे हैं कि सामान्य लोगों को वन्दे मातरम् में प्रयोग किए गए शब्दों का अर्थ पता नहीं है, इसलिए मैंने सोचा कि मैं वन्दे मातरम् का सरल सामान्य भाषा में अनुवाद करूं और स्वयं भी देखूं कि इसमें ऐसा क्या है जिस पर कुछ लोगों को आपत्ति है।

वन्दे मातरम् का उर्दू अनुवादः

तसलीमात मां तसलीमात।

तू भरी है मीठे पानी से

फल-फूलों की शादाबी से

दक्खिन की ठंडी हवाओं से

फसलों की सुहानी फिज़ाओं से

तसलीमात मां तसलीमात।।

तेरी रातें रोशन चांद से

तेरी रौनक सब्ज़े फाम से

तेरी प्यार भरी मुस्कान है

तेरी मीठी बहुत ज़ुबान है

तेरी बाहों में मेरी राहत है

तसलीमात मां तसलीमात।।

मैंने पहले ही अनेक बार वन्दे मातरम् पढ़ा था, थोड़ी बहुत संस्कृत भी जानता हूं, पर वन्दे मातरम् के अनुवाद के लिए मैंने अपने एक परिचित संस्कृत के विद्वान को साथ बैठाया, महर्षि अरविंद द्वारा वन्दे मातरम् का अंग्रेज़ी में किया गया अनुवाद भी साथ में रखा और फिर एक-एक पंक्ति का अनुवाद किया। तब एक बात और यह ध्यान में आयी कि केवल संस्कृत और अरबी में ही ऐसी विशेषता है कि इसमें एक ही शब्द में वाक्य पूरा हो जाता है।

संस्कृत का तो एक ही शब्द पूरी बात कह देता है। जैसे ‘सुजलाम्’ का अनुवाद करते समय मैंने देखा- ‘तू भरी है मीठे पानी से’ या ‘शस्य श्यामलाम्’ को लिखा-फसलों की सुहानी फिज़ाओं से। ऐसे ही ‘सुफलाम्’ का अर्थ मिला ‘फल-फूलों की शादाबी से’ और ‘मलयज शीतलम्’ का अर्थ हुआ ‘दक्खिन की ठंडी हवाओं से’। और ये सब अर्थ निकालने के बाद जब मैंने अपने संस्कृत के विद्वान मित्र से पूछा तो उन्होंने भी सहमति दी कि इन शब्दों का यही भावार्थ हो सकता है। ऐसे ही जब ‘शुभ्रज्योत्सना या फुल्ल कुसुमित’ के अर्थ ढूंढे तो वाक्य बने

‘तेरी रातें रोशन चांद से, तेरी रौनक सब्जे फाम से।

तेरी प्यार भरी मुस्कान है, तेरी मीठी बहुत ज़ुबान है...’’

सब्ज़े फाम का अर्थ जब ढूंढा तो पता चला कि ऐसी हरियाली जो गहरा हरा रंग लिए हो, स्याह गाढ़ा। इतना गहरा हरा कि लगे वह कालापन लिए है। और ऐसी हरियाली वहीं होती है जहां की भूमि अधिक उपजाऊ हो अथवा उन पेड़-पौधों को अधिक खाद-पानी दिया गया हो।
सुहासिनी को महर्षि अरविंद ने अपने वन्दे मातरम् में ‘स्वीट स्माइल’ लिखा और मैंने इसे ‘तेरी प्यार भरी मुस्कान’ लिखा है।
सुमधुर भाषिणीम् को ‘तेरी मीठी बहुत ज़ुबान है’ से बेहतर और क्या कहा जा सकता है।
‘सुखदाम्’ यानी सुख मिले और सुख कहां मिलता है- मां की बांहों में, इसलिए लिखा कि ‘तेरी बांहों में मेरी राहत है’ और ‘वरदाम्’ यहां आकर मैंने बहुत विचार किया, क्योंकि ‘वरदाम्’ का अरबी या फारसी में सीधे-सीधे शाब्दिक अर्थ होता है ‘दुआ देना’, पर ‘वर’ ऐसी वस्तु है जो कोई आदमी किसी दूसरे साधारण आदमी को नहीं दे सकता। ‘वर’ एक असाधारण चीज़ है और धरती के संदर्भ में ‘वरदाम्’ को कैसे जोड़ा गया है, यह समझना आवश्यक था। तब मैंने पाया कि इस्लामी चिंतन में यह कहा गया कि मां के पैरों के नीचे जन्नत है और यह जन्नत कोई आदमी किसी दूसरे आदमी को नहीं दे सकता। पर मां भी इंसान है, लेकिन उसके क़दमों के नीचे जन्नत बतायी गयी है। इस दर्शन को समझना होगा। मां के क़दमों के नीचे जन्नत है पर उस जन्नत को पाना उसके पुत्रों के कर्मो पर निर्भर करता है। अब मेरे आचार, विचार, व्यवहार और कर्म तय करेंगे कि मैं उस जन्नत को हासिल कर सकूंगा या नहीं।............................................(जारी)

प्यारा हिन्दोस्तां हमारा

बुलबुल हैं हम वतन की वह गुल्सितां हमारा

प्यारे हम उसके प्यारा हिन्दोस्तां हमारा

यह तन हुआ हमारा ख़ाके वतन से पैदा

काम आयेगा वतन के हर उस्तख्वाँ हमारा

दिल में वतन की उलफत सर में वतन का सौदा

नामे वतन हो यारब्ब विरदे जबां हमारा

फसले बहार आये गर गुलशने वतन में

ख़ूने जिगर से सीचे हर नोजवां हमारा

हिन्दू हो या मुसलमां कह दें मुखालिफों से

‘‘हिन्दी हैं हम, वतन है हिन्दोंस्तां हमारा’’

गर ईश्वर ने चाहा, तो देखना कि इक दिन

उड़ता हिमालिया पर होगा निशां हमारा

हम अहद कर चुके हैं मर जायेंगे वतन पर

क्या कर सकेगा देखें दौरे ज़मां हमारा

मिट जायेंगे वह ख़ुद ही ‘‘हमदम’’ जहां के हाथों

जो चाहते मिटाना नामो निशां हमारा

अक्सीर सियालकोटी