Sunday, November 8, 2009

मुसलमान 100 साल और पीछे हो जायेंगे

कल का लेख लिखना मेरे लिए बहुत कठिन था, कारण जमीअत उलमा-ए-हिन्द जैसी सम्मानित संस्था के प्रति आस्था, परन्तु उसके एक प्रमुख प्रस्ताव का विरोध। एक तरफ जमीअत उलमा-ए-हिन्द और उससे जुड़े लोगों से निजी सम्बंध और दूसरी तरफ क़ौम के भविष्य का प्रश्न। परिणाम वही हुआ, जो कि होना चाहिए था, अर्थात उस प्रस्ताव के रद्द में लिखना अपना दायित्व।



यह अलग बात है कि कुछ भी लिखने से पूर्व कई शिक्षाविदों से विचार विमर्श किया गया और जब उन्हें भी लगा कि हम जिन आशंकाओं को महसूस कर रहे हैं वह अकारण नहीं है, तब कलम उठाना ही पड़ा। जैसा कि हमने अपने कल के लेख में ही लिखा था कि आदरणीय प्रो0 अख्तरूलवासे से भी इस संबंध में बात की गई लिहाज़ा आज की क़िस्त में हम प्रकाशित कर रहे हैं उनके दृष्टिकोण पर आधारित उनका लेख, इसके बाद हमारे लेखों का क्रम जारी रहेगा।


आधुनिक शिक्षण संस्थानों को धर्म विरोधी घोषित करना मानसिक संकीर्णता और कट्टरपन का परिणामप्रो0 अख्तरूलवासे

जमीअत उलमा-ए-हिन्द ने अपने 30वें वार्षिक अधिवेशन में आधुनिक शिक्षा की आवश्यकताओं के समर्थन में जो प्रस्ताव पारित किये हैं वह अत्यन्त महत्वपूर्ण हैं, इसलिए कि भारतीय मुसलमानों के इतिहास और शिक्षा की पृष्ठभूमि में देवबन्द को धार्मिक शिक्षा का प्रतीक समझा जाता है और आमतौर पर एक समुदाय जाने अनजाने तौर पर उसे अलीगढ़ के प्रतिद्वंदी के रूप में पेश करता रहा है। अब अगर देवबन्द से ही आधुनिक शिक्षा के समर्थन में आवाज उठे तो उससे बढ़कर शुभ संकेत क्या हो सकते है, इसलिए उचित रूप से जमीअत उलमा-ए-हिन्द के नेताओं को मुबारकबाद पेश की जानी चाहिए।



इस पर इसलिए और भी ज्यादा खुशी है कि राष्ट्रीय सहारा के पृष्ठों पर हम बार बार यह लिखते रहे हैं कि पुराने तथा आधुनिक का झगड़ा, संकीर्णता का सबूत है और मुसलमानों को इससे परहेज़ करना चाहिए।


खुदा का शुक्र है कि जमीअत का आधुनिक शिक्षा के समर्थन का यह प्रस्ताव इस दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।इस प्रस्ताव का असाधारण महत्व ही है जिसके आधार पर राष्ट्रीय सहारा के सम्पादक महोदय ने इसको अपने विशेष कालम ‘‘आज़ाद भारत का इतिहास’’ का विषय बनाया है। लेखक ने इस संदर्भ में जो महत्वपूर्ण सवाल उठाए हैं इस पर भी जमीअत के नेतृत्व को विशेष रूप से और भारतीय मुसलमानों को आमतोर पर ध्यान देना चाहिए।

पहली बात तो यह कि आधुनिक पाठशालाओं को ‘‘दीन दुश्मन’’ करार देने को न तो ऐतिहासिक तौर पर सिद्ध किया जा सकता है और न ही इसका वास्तविकता से दूर दूर तक कोई सम्बंध है। आधुनिक शिक्षण संस्थानों में ‘ धर्म विरोधी’ वातावरण की कल्पना केवल मानसिक संकीर्णता और अगर इजाज़त दी जाये तो कट्टरपन का परिणाम है। भारत के इतिहास में ही अगर देखें तो धार्मिक ज्ञान और चिंतन के ऐसे ऐसे प्रसिद्ध प्रतिनिधि आधुनिक पाठशालाओं से निकले हैं जिन पर मदरसे वाले भी गर्व करते हैं।

डॉक्टर आदरणीय सैयद अमीर अली, अब्दुल्लाह यूसुफ अली, अल्लामा इक़बाल, मौलाना अब्दुल माजिद दरियाबादी, डॉक्टर ज़ाकिर हुसैन, डॉक्टर अब्दुल जलील फरीदी, डॉक्टर आबिद हुसैन , प्रो ज्याउल हसन फारूक़ी, प्रो मुशीरूलहसन, ज़फरयाब जीलानी, डॉक्टर मन्जूर आलम, प्रो. ताहिर महमूद और पत्रकारिता से सम्बंध रखनेवाले इशरत अली सिद्दीकी, मीम अफज़ल, शाहिद सिद्दीकी, ज़ाहिद अली खां इत्यादि के अलावा एक लम्बा सिलसिला है जिनके नामों को इस सूचि में शामिल किया जा सकता है। इसके अलावा हमें जमीअत के प्रस्ताव में की गई बीमारी की पहचान से सहमत होते हुए भी, उन्होंने बीमारी को दूर करने के लिए जो प्रस्ताव पेश किया है उससे पूरी तरह इत्तेफाक़ नहीं है।

पहली बात तो यह कि देवबन्द के जमीअत के 30वें अधिवेशन के पहले से ही मुसलमान इस मैदान में बहुत हद तक सक्रिय हैं। आल इंडिया मुस्लिम एजुकेशनल सोसाईटी केराला ने डॉक्टर पी के अब्दुल गफूर के नेतृत्व में, अलअमीन मूवमेंट के संस्थापक डॉक्टर मुमताज अहमद खां के नेतृत्व में कर्नाटक में, सुल्तान सलाहउद्दीन ओवैसी के नेतृत्व में आंध्र प्रदेश में, डॉक्टर रफीक़ ज़करिया की कोशिशों से औरंगाबाद में, पी.ए इनामदार और उनके सहयोगियों की कोशिशों से पुणे में, अन्जुमन खैरूलइस्लाम की कोशिशों से मुम्बई और उसके आस पास में, जस्टिस बशीर अहमद सईद, काका मोहम्मद उमर और काका सईद उमरी की कोशिशों से तमिलनाडू में, अमारत शरिया और काज़ी मुजाहिदुलइस्लाम क़ासमी द्वारा बिहार, झारखंड व उड़ीसा में, मौलाना बदरूद्दीन अजमल और मौलाना इसरारूलहक़ क़ासमी वगैरह जैसे लोगों ने शिक्षा के मैदान में जो सच्ची और बहुमूल्य सेवाऐं दी हैं उनसे कौन इनकार कर सकता है।

स्वंय दिल्ली में हकीम अब्दुल हमीद जैसे अकेले व्यक्ति ने जो इतिहास रचा जामिया हमदर्द जैसी यूनिवर्सिटी उसका ज़िन्दा सबूत है, फिर सैयद हामिद और उनके साथियों ने जिस तरह शिक्षा के लिए जागरूकता का वातावरण पैदा किया वह भी सबके सामने है।

इन कुछ नामों और कामों का उल्लेख इसलिए किया गया है कि यह बात स्पष्ट हो सके कि इतने जबर्दस्त प्रयासों के बावजूद जो कि अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी, जामिया मिल्लिया इस्लामिया और अनजुमन इस्लाम के अनगिनत संस्थानों के होते हुए मुसलमान कमी महसूस कर रहे हैं, उसके बावजूद मुसलमानों में शिक्षा की जो दर होनी चाहिए और जो स्तर और संख्या आवश्यक है, वह मुसलमानों की जनसंख्या और शिक्षा आवश्यकताओं के परिदृश्य में आटे में नमक के बराबर है।

यह ख्याल करना और मुसलमानों में यह भ्रमक भाव पैदा करना कि वह आधुनिक शिक्षा के सरकारी तथा अन्य संस्थानों से इसलिए दूर रहें कि वह धर्म विरोधी हैं और मुसलमानों की नई पीढ़ियां अगर वहां र्गइं तो फिर वह गुमराह और अधर्म हो जायेंगी, कहां की बुद्धिमत्ता है? अगर जमीअत के प्रस्ताव के अनुसार अब मुसलमान एक बार फिर इस नेक काम में लग जायें (जिसमें उन्हें जरूर लगना चाहिए) कि वह अपने बच्चों के लिए नये सिरे से अपने संस्थान स्थापित करें तो मुझे विश्वास है कि मुसलमान सौ साल और पीछे हो जायेंगे क्यांेकि संस्थानों का यह निर्माण जब तक होगा उस समय तक उनकी न जाने कितनी पीढ़ियां शिक्षा से वंचित रह जायेंगी। यह सोच इसलिए और भी चिंताजनक है कि यह एक स्वतंत्र धर्मनिरपेक्ष और लोकतांत्रिक देश और समाज में सामने आ रही है।

भारत में मुसलमान निश्चित रूप से शासक नहीं है लेकिन यह भी उसी तरह सच है कि वह शासित भी नहीं है बल्कि सत्ता में भागीदार और शामिल हैं। इस देश के निर्माण, प्रगति और सुरक्षा में उनके संसाधन,ऊर्जा और योग्यताऐं बराबर से प्रयोग हो रही हैं। इसलिए इस देश के सरकारी संसाधनों तथा नीतियों से मुसलमान क्यों न लाभान्वित हों? आज जरूरत इस बात की है कि हम मुसलमानों से अधिक सरकारों से कहें कि वह मुसलमानों के लिए आधुनिक शिक्षा तथा समय की आवश्यकताओं की पूर्ति करने वाले दूसरे तकनीकी व व्यावसायिक संस्थान स्थापित करें ताकि मुसलमान शैक्षणिक पिछड़ेपन के गढ़े से बाहर आ सकें न कि मुसलमानों को सरकारी संस्थानों से दूर रहने का पाठ पढ़ायें।

जमीयत उलमा-ए-हिन्द निसंदेह एक सम्मानजनक धार्मिक संस्था है और उसके कुशल नेतृत्व में धार्मिक चिंतन पर हमें कोई संदेह नहीं है इसलिए हमें इस प्रस्ताव से अधिक तकलीफ पहुंची है, इसलिए कि निसंदेह जहां अल्लाह के आखरी नबी मोहम्मद स अ को इस्लामी तारीख में यह प्राथमिकता प्राप्त है कि आपने ‘सुफ्फा’ पर पहले धार्मिक मदरसे का आरंभ किया और एक पाक सिफत शिक्षक के रूप में अपने सहाबा को शिक्षा दी। वहीं हम यह भूल जाते हैं कि नबी उम्मी को इस्लामिक इतिहास में ही नहीं बल्कि इनसानी तारीख़ में यह प्राथमिकता प्राप्त है कि आपने एक ऐसी व्यवस्था की आधारशिला रखी जिसमें सभी विद्यार्थी मुसलमान थे और सभी शिक्षक गैर मुस्लिम।

यह उस समय हुआ जब आप स अ ने जंगे-बदर के कैदियों की रिहाई के लिए एक शर्त यह भी रखी के अगर वह ‘‘फिदिया’’नहीं दे सकते हैं तो वह मदीने के अनपढ़ मुसलमानों को पढ़ायें और रिहाई पा जायें। इस घटना से हमें दो सबक़ मिलते हैं और दोनों ‘‘मसनून’’ हैं कि शिक्षा प्राप्ति के समय हमें अपने बच्चों का धर्म देखना चाहिए, शिक्षक का धर्म नहीं बल्कि शिक्षक में देखने की जो चीज है वह है योग्यता और अनुभव। यहां यह नहीं भूलना चाहिए कि बदर के वह युद्धबंदी न केवल गैर-मुस्लिम थे बल्कि कुफ्र और शिर्क का झंडा बुलंद करने वाले और इस्लाम, पैगम्बरे इस्लाम और उनके साथियों के दुशमन भी थे और उन्हें समाप्त करने आये थे।

ज़ाहिर है कि उन्होंने तफसीर और हदीस की शिक्षा नहीं दी क्योंकि वह न तो कुरआन व हदीस को जानते थे न उन्हें मानते थे, बल्कि उन्होंने वही शिक्षा दी होगी जिसे आज की भाषा में आधुनिक या धर्मनिरपेक्ष शिक्षा कहा जाता है। अर्थात भाषा और गणित के प्राथमिक पाठ। यहां हम यह बात स्पष्ट कर देना चाहते हैं कि जिसे अल्लाह के रसूल ने जायज़ समझा उसे हम किसी के कहने से नाजायज़ नहीं कह सकते। दूसरी बात यह कि उससे अल्लाह के रसूल ने अपने इस कथन की व्यवहारिक रूप से पुष्टि भी फरमा दी कि‘‘ हिकमत मोमिन की गुमशुदा पूंजी है वह उसे जहां मिले प्राप्त करना चाहिए।’’यहां एक बात और स्पष्ट रहनी चाहिए कि इस्लाम शिक्षा के किसी ऐसे विभाजन को उचित नहीं ठहराता है कि जो उसे दीन और दुनिया में विभाजित करती हो।

इस्लाम में ज्ञान का केवल एक विभाजन जायज़ है और वह है ज्ञान लाभदायक और ज्ञान लाभ न देने वाला। हम थोड़ा सा साहस करते हुए यह भी कहना चाहेंगे कि किसी लाभ न देने वाली शिक्षा का ज्ञान भी उसी समय संभव है जब आप उसका भरपूर अध्ययन करें।

अलीगढ़ आंदोलन के संस्थापक सर सैयद अहमद खां ने इस सिलसिले में बड़े पते की बात कही थी। उन्होंने कहा था कि ‘‘कु़रआन खुदा की कथनी है और प्रकृति खुदा की करनी और खुदा की कथनी और करनी के बीच कोई त्रुटि और टकराव नहीं होता। ज़ाहिर है कि यह संसार स्वंय प्रकृति के इज़हार का मजमूआ है इसलिए हमें खुदा की कथनी और करनी दोनों की भरपूर समझ होनी चाहिए। वैसे अगर जमीयत उलमा-ए-हिन्द के उपरोक्त प्रस्ताव पर नज़र डाली जाये तो इस में स्वंय विरोधाभास छुपे हैं। एक ओर तो सरकारी तथा गैरसरकारी संस्थानों को रद्द किया जा रहा है और दूसरी ओर प्रचलित पाठ्यक्रम पर बल दिया जा रहा है।

प्रश्न यह है कि शिक्षण संस्थान दीवार और दरवाजों का नाम नहीं होता बल्कि पाठ्यक्रम उनकी पहचान होते है। अगर आधुनिक शिक्षा के सभी विषय वही रहेंगे जो कि सुकरात, अरस्तू और अफलातून से आरंभ होकर गैलेलियो, न्यूटन, आईस्टाइन, माक्र्स और मेकावले तक पहुंचते हैं तो फिर कैसे बात बनेगी। इसी को कहते हैं ‘‘गुड़ खायेंगे गुलगुलों से परहेज़’’।

हमें यह नहीं भूलना चाहिए कि मुसलमानों की हर पीढ़ी की शिक्षा कहीं भी होती हो उसका प्रशिक्षण उसकी मां की गोद और उसके घर के वातावरण की देन होता है। इसलिए यह भी कोई कम महत्वपूर्ण बात नहीं कि सरापा रहमत आक़ाए दो जहां स अ ने मुसलमानों को हुक्म दिया कि ‘शिक्षा प्राप्त करो मां की गोद से क़ब्र तक’ और इस प्रकार जनाबे रिसालत ने मुसलमानों के लिए इसको अनिवार्य बना दिया कि वह अपनी बच्चियों को शिक्षा के जे़वर से हर कीमत पर सुशोभित करें क्यूंकि आज की बेटियां ही कल की मां बनने वाली हैं और जब तक वह स्वंय शिक्षित नहीं होंगी उनकी गोद हमारे भविष्य के निर्माण के लिए बुनियादी पाठशाला नहीं बन पायेंगी।

हमें नही भूलना चाहिए कि जिनमें आत्मविश्वास और खुदा पर विश्वास होता है वह न पश्चिम से घबराते हैं न पूरब से डरते हैं बल्कि प्रकृति के इशारे पर अंधकार और अनभिज्ञता की हर अंधेरी रात को सुबह के प्रकाश की खुशखबरी देते हैं। एक बार फिर इक़बाल के शब्दों में:

अफ़कारे ताज़ा से है जहाने ताज़ा की

नमूदकि संगो खिश्त से होते नहीं जहां पैदा
.......................................................(जारी)

Saturday, November 7, 2009

यह हमारी क़ौम के मुस्तक़बिल का सवाल है




शायद आप नहीं पहचानते होंगे कि यह तस्वीर किस ख़ूबसूरत युवक की है और उसकी गोद में बैठी मासूम बच्ची कौन है। आज अधिक समय नहीं है मेरे पास इसलिए न तो इसका विस्तृत परिचय पेश कर सकता हूं और न ही इसकी दर्दनाक कहानी बयान कर सकता हूं, इसलिए कि जमीअत उलमा-ए-हिन्द के 30वें अधिवेशन में पेश किए गए प्रस्ताव पर मेरा क़िस्तवार लेख जारी है और जिस 16वें प्रस्ताव पर मैं अपने समुदाय और भारत सरकार से बातचीत करना चाहता हूं, वो अत्यन्त महत्वपूर्ण है और केवल इतना ही नहीं बल्कि यह कहा जा सकता है कि इस प्रस्ताव का संबंध हमारे समुदाय के भविष्य से है, हमारी आने वाली पीढ़ियों से है, भारत में हमारे भविष्य से है, इसलिए न तो इसकी अन्देखी की जा सकती है और न ही सरसरी तौर पर लिया जा सकता है, फिर भी इससे पहले कि मैं इस प्रस्ताव पर बात आरंभ करूं कुछ वाक्य एक संक्षिप्त परन्तु यादगार मुलाक़ात पर अवश्य लिखना चाहता हूँ।

यह तस्वीर इरशाद की है और उसकी गोद में है उसकी सबसे छोटी बेटी। वह इरशाद जो कई बरस से तिहाड़ जेल में बंद था और वहीं से उसने अपनी दास्तान लिखकर हमें भेजी थी, जिसे हमने रोज़्ानामा राष्ट्रीय सहारा के पृष्ठों पर कई बार प्रकाशित किया तथा भारत सरकार का ध्यान अब उस सच्चाई की ओर दिलाया जो हमें उस के पत्र द्वारा प्राप्त हुई थी, जिसमें स्पष्ट रूप से यह सच्चाई बयान की गई थी कि किस प्रकार दो निर्दोष मुस्लिम युवकों को आतंकवादी बना कर पेश किया गया था। अल्लाह का करम है कि हमारी कोशिश बेकार नहीं गई और परिणाम आज अल्लाह के एक बड़े ईनाम की शक्ल में हमारे सामने था।

इरशाद और मआरिफ़ को तिहाड़ जेल की लोहे की सलाख़ो से बाहर आने का अवसर मिला और अपने जिन बच्चों की सूरत देखने के लिए तरस गया था आज वह उन्हें अपनी गोद में लिए बैठा था। मेरी ख़ुशी का अंदाजा लगाना शायद आसान नहीं होगा, जिस तरह एक माली को अपने लगाए हुए पौधों पर फूल आते देख कर ख़ुशी होती है, उससे भी कहीं बढ़कर ख़ुशी मेरी आंखों में थी। जिस तरह मेरे कार्यालय आकर वह मेरे गले लगा और अहसास दिलाया जैसे उसे एक नया जीवन मिल गया हो तो मुझे लगा शायद ये ज़िन्दगी केवल उसको ही नहीं मिली बल्कि उर्दू पत्रकारिता को भी मिली है, वरना यह सोचा भी नहीं जा सकता था कि किसी अख़बार द्वारा चलाया जाने वाला अभियान जेल की सलाख़ों के पीछे ठूंस दिए गए बेगुनाहों को आज़ादी भी दिला सकता है।

उन्हें फिर खुली हवा में सांस लेने का अवसर भी प्रदान कर सकती है उनके दामन से बेगुनाही का दाग् मिटा सकती है, उन्हें फिर अपने परिवार के साथ सिर उठ कर सम्मान के साथ जीने की राह हमवार कर सकती है। लेकन यह कोई ख़्वाब या ख़याल नहीं था, जिंदा हक़ीक़त मेरे सामने थी। ऐसी ही घटना रोज़्ानामा राष्ट्रीय सहारा के प्रयासों से कानपुर के वासिफ़ हैदर के साथ घटित हुई, उसे भी जेल से रिहाई मिली। और भी कई घटनाएं हैं जिनका आज उल्लेख केवल इसलिए नहीं करना संभव नहीं है कि हम अपना पूरा ध्यान जमीअत उलमा-ए-हिन्द के 30वें अधिवेशन में प्रस्तुत किए गए उस 16वें प्रस्ताव पर केन्द्रित करना चाहते हैं।

इससे पहले कि मैं इस प्रस्ताव के हवाले से बात आरम्भ करूं, पाठकों की सेवा में यह प्रस्तुत कर देना चाहता हूं कि इरशाद ने दरभंगा के दीनी मदरसा में शिक्षा प्राप्त की थी और अपनी रिहाई के संबंध में संघर्ष के दौरान ऐसे सभी दरवाजों पर दस्तक दी, जहां से उसे आशा थी। हम उन दरवाजों का उल्लेख जानबूझ कर नहीं कर रहे हैं, मगर इस अपील के साथ इस विषय पर अपनी बात पूरी करते हैं कि आज वह अपने दो बच्चों की शिक्षा तथा पालन-पोषण के लिए चिंतित है, चाहता है कि किसी हास्टिल में रहकर उन्हें शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिल जाए। क्या कोई धार्मिक अथवा सामाजिक संस्था इस दायित्व को स्वीकार करने के लिए आगे आती है? अगर हां तो उस युवक की अपने बच्चों के भविष्य से संबंधित चिंता दूर हो सकती है और यह नन्हे चिराग आगे चलकर अपना घर रोशन कर सकते हैं।

आइये अब चर्चा करते हैं उस 16वें प्रस्ताव की जिसको मैंने अत्यंत महत्वपूर्ण और क़ौम के भविष्य से संबंध रखने वाला प्रस्ताव क़रार दिया है। किसी भी टिप्पणी से पहले एक नज़र इस प्रस्ताव परः

जमीअत उलमा-ए-हिन्द का यह अधिवेशन गंभीरतापूर्वक महसूस करता है कि आधुनिक शिक्षा तथा कलाओं में मुसलमान बहुत पीछे हैं और इस मैदान में उनका पिछड़ापन हद से अधिक बढ़ा हुआ है। इससे सीधे तौर पर से मुसलमानों की आर्थिक स्थिति प्रभावित होती है। इसके साथ मुसलमानों का जो समुदाय सरकारी तथा निजी संस्थानों में इन शिक्षाओं तथा कलाओं की प्राप्ति के लिए प्रवेश प्राप्त करते हैं उन संस्थानों के धर्म विरोधी वातावरण में आमतौर पर धर्म से अनभिज्ञ तथा बेगाने हो जाते हैं इसलिए यह अधिवेशन मुसलमानों विशेष रूप से उनके ख़ुशहाल लोगों को सुझाव देते हुए अपील करता है किः

1. आवश्यकता अनुसार आधुनिक शिक्षा के लिए प्राइमरी स्कूल, हायर सेकण्डरी स्कूल और कालिजिज़ क़ायम करें।

2. कामर्स, इन्जीनियरिंग, टेक्निकल और मेडिकल इंस्टीट्यूट क़ायम करें, इस दिशा में संसाधनों के अनुसार जमीअत उलमा-ए-हिंद आगे बढ़ रही है, टीचर ट्रेनिंग कालेज, महिला पी टी सी कालेज, मदनी गल्ज़ हास्टिल, शाह ज़कारिया वोकेशनल ट्रेनिंग सेन्टर, हाजी पीर इंगलिश मीडियम स्कूल, कालेज आफ़ फ़ार्मेसी क़ायम हो चुके हैं और शिक्षा आरंभ हो चुकी है।

3. इन संस्थानों में शिक्षा तो प्रचलित पाठ्य क्रम के अनुसार दी जाए मगर बच्चों का प्रशिक्षण, वेशभूषा, रीतियों और इबादतों में इस्लामी जीवनशैली को विशेष रूप से सुरक्षित रखा जाए, जिसके लिए अध्यापकों के प्रशिक्षण की अलग से भी व्यवस्था की जाए। वरना इन संस्थानों का जो उद्देश्य है वह समाप्त हो जाएगा।

4. बच्चियों की धार्मिक आधुनिक शिक्षा की ख़ातिर गैर आवासीय इन्सटीट्यूट क़ायम किए जाएं और उनके लिए उचित पाठ्यक्रम तैयार किया जाए, और शरीअत की सीमाओं तथा परदे की पूरी पाबंदी के साथ ही उनके लिए शिक्षा व्यवस्था हो तथा लड़के-लड़कियों की एक साथ शिक्षा से पूरी तरह बचा जाए वरना फ़ाएदे से अधिक नुक़सान की सम्भावना है।

जमीअत उलमा-ए-हिन्द के इस 30वें अधिवेशन में प्रस्तुत किए गए उपरोक्त प्रस्ताव को मैं इसलिए अपनी क़ौम के भविष्य से जोड़ कर देखता हूं क्योंकि उसमें तमाम सरकारी तथा गैर सरकारी संस्थानों को धर्म विरोधी वातावरण या दीन से अनभिज्ञ व बेजार कर देने वाला घोषित किया गया है। क्या वास्तव में ऐसा ही है? मैं केवल अपनी बात नहीं करता, मगर आज भारत सरकार में मुसलमानों का प्रतिनिधित्व करने वाले माननीय उपराष्ट्रपति हामिद अंसारी, मंत्रीगण श्रीमान गुलाम नबी आजाद, श्री डा॰ फ़ारूक़ अब्दुल्ला, श्रीमान सलमान ख़ुरशीद ऐसे ही संस्थानों से शिक्षा प्राप्त कर सरकार में हमारी क़ौम का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं, जहां उन्हें सरकारी या गैर सरकारी यानी दीन विरोधी वातावरण में शिक्षा प्राप्त करनी पड़ी।

इतना ही नहीं विभिन्न विभागों में चाहे हम पूर्व राष्ट्रपति एपीजे अब्दुल कलाम का उल्लेख करें या बेरिस्टर अब्दुर्रेहमान अन्तुले का या जस्टिस ए॰एम॰ अहमदी, सैयद हामिद जैसी शख़्सियतें, क्या यह सब ऐसे ही दीनी विरोधी वातावरण में शिक्षा व प्रशिक्षण के बाद ऐसे पदों तक पहुँचे? फिर हमें प्रश्न करना होगा भारत सरकार के गृहमंत्री श्री पी॰ चिदम्बरम से और शिक्षा मंत्री श्री कपिल सिब्बल से कि क्या वह स्वीकार करते हैं कि हमारी सरकारी और गैर सरकारी शिक्षा संस्थानों में धर्म (इस्लाम) विरोधी वातावरण है और वहां शिक्षा प्राप्त करने पर दीन से अनभिज्ञ और बेजार हो जाने का ख़तरा बना रहता है।

श्रीमान कपिल सिब्बल से यह प्रश्न इसलिए कि यह उनके मंत्रालय का मामला है, अगर जमीअत उलमा-ए-हिन्द का यह आरोप सही है तो मुस्लिम क़ौम से संबंधित शिक्षा प्राप्त करने वाले लाखों करोड़ों छात्र-छात्रायें जो सरकारी और गैर सरकारी पाठशालाओं में शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं, उनके इस्लाम धर्म से अनभिज्ञ हो जाने का ख़तरा बना हुआ है? और गृहमंत्री पी॰ चिदम्बरम से इसलिए कि क्या उन्होंने इस कार्यक्रम में शामिल होने से पहले यह जानकारी प्राप्त कर ली थी कि इस 30वें अधिवेशन का ऐजंडा क्या है? और अगर उसमें कुछ प्रस्ताव पेश किए जा रहे हैं तो वह क्या हैं? अगर हां तो क्या वह स्वीकार करते हैं कि भारत सरकार की शिक्षा व्यवस्था धर्म (इस्लाम) की दुशमनी पर आधारित है और अगर नहीं तो यह सब जाने बिना उस कार्यक्रम में शामिल होना क्या उचित ठहराया जा सकता है?

क्या उन्हें अंदाजा नहीं था कि इस अधिवेशन के कर्ताधर्ता का संबंध साम्प्रदायिक राजनीतिक दल बीजेपी की सहयोगी राष्ट्रीय लोकदल पार्टी से है और यह मुस्लिम विरोधी सोच रखने वाली पार्टी बी.जे.पी अपने उद्देश्यों की प्राप्ति के लिए किसी भी सीमा तक जा सकती है, किसी व्यक्ति का भी प्रयोग कर सकती है। क्या उन्हें याद नहीं कि अगर पूर्व गृहमंत्री से केवल इसलिए उनके त्याग पत्र की मांग की गई थी कि उन्होंने एक नजुक मौक़े पर एक ही दिन में तीन बार सूट बदले तो क्या यह मामला उस बी.जे.पी के लिए एक राजनीतिक हथकंडा नहीं हो सकता। क्या वंदे मातृम पर यह हंगामा उनकी सोची-समझी प्लानिंग का हिस्सा नहीं लगता?

क्या उन्हें नहीं चाहिए था कि इस अधिवेशन में जाने से पूर्व वह इस बात की पुष्टि कर लेते कि किन-किन विषयों पर इस सभा में चर्चा की जानी है, क्या-क्या प्रस्ताव प्रस्तुत किए जाने हैं और क्या वह भारत सरकार के किसी मंत्री को शामिल होने की अनुमति देते हैं। अभी उनसे संबंधित ‘वंदे मातृम’ के नाम पर हंगामा है, मगर उससे भी अधिक महत्वपूर्ण है शिक्षा की वह तालिबानी व्यवस्था स्थापित करने का प्रयास है, कमोबेश जिसको जमीअत उलमा-ए-हिन्द के इस प्रस्ताव में सामने रखा गया है। क्या भारत सरकार इसका समर्थन करती है? जगह कम है, बहुत विस्तार से इस पर बात नहीं की जा सकती, मगर यह विषय इतना महत्वपूर्ण है कि इसपर बहस का सिलसिला जारी रहेगा।

हमने आज का यह लेख लिखने से पहले कई विश्वविद्यालयों के वरिष्ठों प्रोफ़ेसर्स से बात-चीत की, जिनमें जामिआ मिल्लिया इस्लामिया के दीनयात विभाग के अध्यक्ष प्रो॰ अख़तरुलवासे का नाम भी शामिल है। हम अपने कल के लेख में उनका दृष्टिकोण भी सामने रखेंगे और आइंदा दस्तावेज़ भी इसी विषय पर होगा कि तमाम युनिवर्सिटियों सहित क्या सरकारी और गैर सरकारी सेक्टर के शिक्षण संस्थान धर्म (इस्लाम) दुशमनी पर आधारित हैं।

जमीअत उलमा-ए-हिन्द ने इस प्रस्ताव को प्रस्तुत करने से पूर्व निश्चित रूप से इस पहलू पर भी विचार किया होगा और बहुत सोच-समझ कर अध्ययन और विचार-विमर्श के बाद ही यह प्रस्ताव प्रस्तुत किया होगा।..........................................................................(जारी

हम पहुंचाएंगे यह दर्द सरकार तक

जमीअत उलेमा-ए-हिन्द के तीसवें अधिवेशन में पेश किये गये 25 प्रस्तावों में से 13 पर टिप्पणी कल के लेख तक की जा चुकी है। आज इस सिलसिले को और आगे बढ़ाया जा रहा है। हालांकि यह सब रोज़नामा राष्ट्रीय सहारा के विभिन्न प्रकाशनों में अधिवेशन की कार्यवाई की रिपोर्ट के साथ संक्षिप्त रूप में पाठकों की सेवा में पेश किया जा चुका है, मगर हमारा श्रृंखलाबद्ध कालम ‘‘आज़ाद भारत का इतिहास’’ जिसे हम एक दस्तावेज़ की शक्ल देना चाहते हैं (किताबी शक्ल में भी), ताकि आने वाली पीढ़ियों तक भी आज के हालात पहुंचें। कौम के सामने क्या समस्याएं थी और उनके समाधान के लिए क्या कुछ किया जा रहा था यह भी उनके संज्ञान में रहे अतः यह तमाम प्रस्ताव टिप्पणी के साथ इस लगातार कालम में शामिल करना आवश्यक लगा।

आज जिन प्रस्तावों का उल्लेख किया जाना है वह प्रस्ताव संख्या 14,15 और 17 हैं 14वें प्रस्ताव में जमीअत उलेमा-ए-हिन्द के इस अधिवेशन में फिलिस्तीन के दर्द को महसूस किया गया है। हम यह प्रस्ताव पूर्ण समर्थन के साथ ज्यूं का त्यूं प्रकाशित कर रहे हैं।

जमीअत उलेमा-ए-हिन्द का यह अधिवेशन फिलिस्तीनियों के उद्देश्यों का समर्थन करते हुए वहां इस्राइल की तरफ से जारी हिंसा की आलोचना करता है, वहां आये दिन की इस्राइली घेराबन्दी, फिलिस्तीनियों की नाकाबन्दी, आर्थिक स्त्रोतों, निर्माणकारी ढांचे, कार्यालयों, अस्पताल, स्कूल की तबाही और जीवन की मौलिक आवश्यकताओं से वंचित करने की इस्राइली कार्यवाईयों को गहरी चिंता की नज़र से देखता है, फिलिस्तीन में फिलिस्तीनियों की सरकार की स्थापना व मज़बूती में इस्राइल की नाजायज़ रूकावटों को खराबी के लिए मूल कारण समझता है।

पिछली जनवरी 2009 में इस्राइल ने आधुनिक अमरीकी हथियारों से ग़ाज़ा के निर्दोष फिलिस्तीनियों का जो कत्ल-ए-आम किया था और जिस तरह खुले आम युद्ध अपराध किये थे उनको 17 अक्टूबर 2009 को संयुक्त राष्ट्र संघ ने भी स्वीकार किया है। अतः यह अधिवेशन इस्राइल की ओर से शांति प्रक्रिया को भंग करने के सुनियोजित प्रयासों की आलोचना करते हुए मांग करता है कि विश्व बिरादरी, विशेष रूप से यूरोपी व पश्चिमी सरकारें, संस्थाएं और संयुक्त राष्ट्र संघ फिलिस्तीन में शांति स्थापना के लिए ईमानदारी से प्रयास करें, यह अधिवेशन नई यहूदी बस्तियों के निर्माण और खुदाई से मस्जिद अक्सा की नींव को पैदा होने वाले खतरों पर चिंता प्रकट करता है। अमरीका से बड़े-बड़े वादों और मौखिक हमदर्दी पर भरोसा करके फिलिस्तीनी जनता पर जारी इस्राइली निर्ममता को और सहन नहीं किया जाना चाहिए।

दुनिया की तमाम शांति प्रिय शक्तियों और अरब नेताओं को चाहिए कि वह अमरीका पर दबाव डालें कि वह अपनी कथनी और करनी में अन्तर की पालिसी को छोड़े और इस्राइल को अमली रूप से फिलिस्तीन के सम्बन्ध में की जाने वाली आक्रामक कार्यवाईयों को फौरन रोके, साथ ही स्वाधीन, स्वतंत्र फिलिस्तीनी राज्य की स्थापना को निश्चित करे ताकि पश्चिमी एशिया में स्थाइ शांति स्थापित हो सके। निहत्थे फिलिस्तीनी राज्य का इस्राइली प्रस्ताव फिलिस्तीनियों का अधिक अपमान और उन्हें गुलाम बनाने जैसा है। यह अधिवेशन यह भी मांग करता है।

भारत सरकार फिलिस्तीनियों के हित में पूर्व की नीति पर काम करे और उनके नरसंहार को रोकने और फिलिस्तीन के मसले के समाधान के लिए मुख्य भूमिका निभाये।

2-विश्व बिरादरी और संयुक्त राष्ट्र संगठन से मांग है कि शीघ्र अति शीघ्र अधिकार प्राप्त मज़बूत फिलिस्तीनी सरकार की स्थापना की रूकावटों को दूर किया जाये।

3-फिलिस्तीनी जनता के लिए जीवन की बुनियादी आवश्यकताओं को पूरा करने का रास्ता हमवार किया जाये।


4-गज़ा में भयानक युद्ध अपराध करने पर इस्राइल पर अंतराष्ट्रीय जंगी अदालत में मुकदमा चलाया जाये।

5- यह अधिवेशन अपील करता है कि हम्मास, अलफतह और अन्य फिलिस्तीनी गु्रप आपसी मतभेदों को भुला कर अधिकार प्राप्त फिलिस्तीनी राज्य की स्थापना और फिलिस्तीनी उद्देश्यों के लिए मिलजुलकर काम करें।

पिछली 16 जुलाई 2009 अर्थात लगभग 100 दिन पूर्व जब मैं भारत के प्रधानमंत्री डा. मनमोहन सिंह के साथ शर्मअलशेख में गुटनिर्पेक्ष .देशों की कांफ्रेंस में उपस्थित था तब लेखक ने फिलिस्तीन के सन्दर्भ में बात की थी और प्रधानमंत्री ने इस सिलसिले में भारत सरकार का दृष्टिकोण सामने रखा था, मुझे विश्वास है कि पाठकों को प्रधानमंत्री के वह वाक्य और मेरी रिपोर्ट याद होगी। एक बार फिर इसका प्रमुख भाग मैं इसे लेख के साथ पेश कर रहा हूं।
‘‘गुटनिर्पेक्ष देशों की कांफ्रेंस के दौरान भारतीय प्रधानमंत्री ने अपने भाषण में फिलिस्तीन का उल्लेख करके यह अहसास दिलाया कि अब भारत की सरकार फिलिस्तीन के दर्द को शिद्दत से महसूस करने लगी है और अरब की धरती पर इस समस्या को उठाकर शांतिपूर्ण हल तलाश करने की जो बात उन्होंने की वह समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। इस लेखक ने प्रधानमंत्री के इस दृष्टिकोण को उनके भाषण का एक महत्वपूर्ण अंग मानते हुए प्रेस कांफ्रेंस के दौरान जब उनसे अपने इस दृष्टिकोण पर और अधिक प्रकाश डालने के लिए कहा और साथ ही यह भी निवेदन किया कि क्या मान लिया जाये कि भारत अब इस्राइल के मुकाबले में फिलिस्तीन को महत्व दे रहा है और उसके दर्द को महसूस करने लगा है तो प्रधानमंत्री डा. मनमोहन सिंह ने तुरन्त कहा कि यह हमारी सरकार का दृष्टिकोण है।

अर्थात यह उनकी निजी राय नहीं थी बल्कि भारत के प्रधानमंत्री ने गुटनिर्पेक्ष देशों की कांफ्रेंस में फिलिस्तीन की समस्या को उठाकर भारत के पक्ष को स्पष्ट किया था। फिलिस्तीन और अरब देशों के सम्बन्ध में यह बहुत बड़ी बात है और भारत का मुसलमान जो लगातार फिलिस्तीन के दर्द को महसूस कर रहा था और इस्राइल के साथ भारत की नज़दीकियों को नापसन्दीदगी की निगाह से देख रहा था, निश्चित रूप से उसके लिए यह बेहद खुशगवार परिवर्तन है’’

हम आशा करते हैं कि भारत सरकार अपने इस दृष्टिकोण पर दृढ़ रहेगी और एक पत्रकार के रूप में हम सरकार की कारकरदगी पर गहरी नज़र रखेंगे, अगर कहीं इसमें कोई परिवर्तन नज़र आया तो रोज़नामा राष्ट्रीय सहारा व आलमी सहारा अपनी जिम्मेदारियों से पीछे नहीं हटेगा।

अधिवेशन में पेश किया गया 15वां प्रस्ताव ईराक पर अमरीकी आक्रामकता के सन्दर्भ में है। निःसंदेह इस प्रस्ताव में जो कुछ भी लिखा गया है उस पर न केवल मुसलमानों को बल्कि तमाम शांतिप्रिय लोगों को अपना समर्थन देना चाहिए। लेखक ने स्वयं इन हालात का गहराई से अध्ययन किया है और ‘‘सद्दाम सफर जिन्दगी का’’ के शीर्षक से ऊर्दू , हिन्दी और अंग्रेज़ी में एक पुस्तक भी लिखी है, जिसमें ईराक के हमले के कारण और ईराकियों पर अत्याचार की दास्तान दर्ज है। हम जमीअत उलेमा-ए-हिन्द के नीचे दिये गये इस प्रस्ताव का पूरी तरह समर्थन करते हैं और इस उद्देश्य के लिए हर कदम पर उसके साथ हैं।

जमीअत उलेमा-ए-हिन्द का यह अधिवेशन ईराक के कष्टदायक हालात पर गहरी चिंता प्रकट करते हुए अमरीका और उसके सहयोगियों की आक्रमकता की सख्त आलोचना करता है। मुस्लिम देशो की निष्प्रभावी भूमिका बेहद अफसोसनाक है, ईराकी जनता के कष्टों में दिन प्रतिदिन इजाफा चिंता का विषय है। लोकतंत्र, आज़ादी और ईराकी जनता को जुल्म व न्याय से मुक्ति दिलाने के नाम पर अमरीका ने ईराक पर सैनिक कार्यवाई की थी लेकिन इनमें से किसी भी चीज़ का दूर-दूर तक नाम व निशान नहीं। लोकतंत्र और आज़ादी के नाम पर ईराक को बदतरीन संकट, अनारकी और बिखराव के भंवर में डाल दिया गया है, साक्षरता की दर में भारी गिरावट आ गई है, बच्चों की शिक्षा के रास्ते बन्द होते जा रहे हैं, अशांति हिंसा और तोड़फोड़ की घटनाओं व आत्मघाती हमलों का सिलसिला बराबर जारी है, अमरीका के नेतृत्व में विदेशी सेनाओं की उपस्थिति से स्थितियां और अधिक खराब और ईराकी जनता के दुख व क्रोध में वृद्धि हो रही है।

नई अमरीकी ओबामा सरकार ने ईराक से आहिस्ता-आहिस्ता सेना को हटाने का संकेत दिया था, लेकिन गुज़रते दिनों के साथ स्थिति में कोई विशेष परिवर्तन दिखाई नहीं दे रहा है। ईराक आर्थिक, शैक्षणिक व समाजिक दृष्टि से पिछड़ेपन की ओर बढ़ रहा है। इस समय जो ईराक की अकथनीय स्थिति है उसको देखते हुए जमीअत उलेमा-ए-हिन्द का यह अधिवेशनः

1-संयुक्त राष्ट्र संगठन और विश्व बिरादरी से मांग करता है कि वह ईराक में शांति स्थापना और जनता की पसन्द के अनुसार लोकतांत्रिक ढंग से सरकार के गठन में सहायता करे।

2-ईराक को अनाधिकृत कब्ज़ा करने वाली फौज से खाली कराके वहां की जनता को सत्ता हस्तान्तरित की जाए।17वें प्रस्ताव का सम्बन्ध अफगानिस्तान पर अमरीकी आक्रमकता से है। निःसंदेह इसका भी पूर्ण समर्थन किया जाना चाहिए।जमीअत उलेमा-ए-हिन्द का यह अधिवेशन अफगानिस्तान की चिंताजनक स्थिति पर बेहद दुख प्रकट करते हुए अमरीका के नेतृत्व में आतंकवाद को समाप्त करने के नाम पर दिन प्रतिदिन विदेशी शक्तियों के बढ़ते हस्तक्षेप की पूर्ण आलोचना करता है।

अफगानिस्तान में विदेशी फौजी हस्तक्षेप से अफगानिस्तान के पड़ोसी देशों और सीमाओं के उल्लंघन और आतंक व डर में इजाफा हो रहा है। प्राकृतिक संसाधन और भौतिक सम्पदा के जख़ीरों पर अधिक से अधिक कंट्रोल और उपयोग की अत्यधिक हवस ने अफगानिस्तान की आर्थिक राजनीतिक, शैक्षणिक स्थिति को बद से बदतर बना दिया है और देश के मूल निवासियों के भविष्य को और अधिक अंधेरे में झोंकने के साथ स्थिति को बिल्कुल बर्बाद कर दिया है, अफगानी जनता के कष्टों में हर दिन बढ़ौतरी हो रही है, शांति स्थापना और आपसी समझौते की केवल बातें हो रही हैं, वास्तव में टकराव, हमलों, निर्दोषों के जीवन की हानि में वृद्धि हो रही है, अफीम की पैदावार और विदेशी सेनाओं में वृद्धि का सिलसिला भी जारी है जिससे अफगानी जनता में ग़म व गुस्सा और विरोधी भावनाएं बढ़ रही हैं।

यह अफसोसनाक बात है कि अमरीका की नई ओबामा सरकार ने अफगानिस्तान में मज़बूती और शांति की स्थापना में किसी प्रभावी पेशकदमी की बजाए वहां सेनाओं की संख्या बढ़ाने की बात कही है। इसे देखते हुए यह अधिवेशन संयुक्त राष्ट्र संघ, विकसित विश्व बिरादरी और तीसरी दुनिया के विकासशील देशों से पुरज़ोर अपील करता है कि अफगानिस्तान की स्थिति बेहतर बनाने और बेजा अमरीकी हस्तक्षेप व आक्रमकता पर रोक लगाकर अफगानी जनता की इच्छा के अनुसार लोकतांत्रिक सरकार की स्थापना में अपने प्रभाव का उपयोग करें।

फिलिस्तीन इराक और अफगानिस्तान के हालात को एक नज़र से देखा जा सकता है, जहां मुसलमानों पर अत्याचार, अमरीका और इस्राइल की आक्रामकता साफ दिखाई देती है। भारत सरकार पूर्व में ईराक, अफगानिस्तान और फिलिस्तीन से मित्रवत सम्बन्ध रखती रही है, मगर अफगानिस्तान और ईराक पर थोपी गई जंग के दौरान उससे जो आशाएं की गई थीं उन पर वह पूरी नहीं उतरीं। अब अमरीका के सदर बाराक हुसैन ओबामा हैं जिनके दृष्टिकोण में नरमी दिखाई देती है और भारत की मौजूदा सरकार भी अब इस दर्द को ज्यादा महसूस करती नज़र आ रही है, जिसको प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने इस लेखक की मौजूदगी में शर्मअलशेख में गुटनिर्पेक्ष देशों की कांफ्रेंस के बीच स्पष्ट किया था, मगर इस समस्या को दलगत राजनीति से ऊपर उठकर देखे जाने की आवश्यकता है।

बात केवल सत्ताधारी दल के सम्बन्ध में न हो, बल्कि भारत की पूरी संसद इन मामलात पर इसी तरह एक नज़र आए जिस तरह 26/11 को मुम्बई पर आतंकवादी हमले के बाद नज़र आई थी, तब अधिक बेहतर परिणामों की आशा की जा सकती है और इस मामले में जमीअत उलेमा-ए-हिन्द की भूमिका भी बहुत महत्वपूर्ण हो सकती है, इसलिए कि इसके जनरल सेक्रेटरी जिस पार्टी से राज्यसभा के सदस्य हैं उसके न केवल लोकसभा में 6 सदस्य हैं बल्कि भारतीय जनता पार्टी से उसका गठजोड़ भी है, क्योंकि भारतीय जनता पार्टी इस्राइल की समर्थक रही है और मुसलमानों व मुस्लिम देशों के सम्बन्ध में उसका दृष्टिकोण भी जगजाहिर है।

अतः अगर जमीअत उलेमा-ए-हिन्द अपने राजनीतिक प्रभाव का इस्तेमाल करके अपनी पार्टी के समर्थक और उन मुस्लिम विरोधियों के दृष्टिकोण में परिवर्तन ला सके तो कागज़ी कार्यवाई से ऊपर उठकर इन समस्याओं के समाधान की आशा की जा सकती है।

(जारी)

Friday, November 6, 2009

इस दलित - मुस्लिम एजेंडे का मतलब

जैसा कि आशंका थी और हुआ भी वही। वंदे मातरम के मुद्दे पर विवाद बढ़ता जा रहा है। अब न केवल मीडिया के द्वारा इसे हवा दी जा रही है, बल्कि सांप्रदायिक संघटनों को भी उनका प्रिय काम मिल गया है, अर्थात् अब इस बहाने वह मुसलमानों को निशाना बनाकर अपने दिल के फफोले फोड़ रहे हैं। यह विषय ऐसा नहीं है जिस पर कुछ पंक्तियाँ लिख कर बात को समाप्त कर दिया जाए। अतएव हम गहराई से इसका अध्यन कर रहे हैं। और शीघ्र ही एक विस्तृत लेख इस विषय पर लिखा जाएगा। हमने अपने कल के लेख में जमीअत उलमा-ए-हिंद के 30वें अधिवेशन में पेश किए गए प्रस्तावों पर अपना मत प्रकट करना शुरू किया था। कल के लेख में केवल 10 बिंदुओं पर बात की जा सकी थी। आज हम इससे आगे बढ़ते हैं।

प्रस्ताव का 11वां बिंदु है ‘‘दलित मुस्लिम और अन्य अल्प संख्यकों की एकता पर प्रस्ताव’’। जमीअत उलमा-ए-हिंद का यह अधिवेशन आम अल्प संख्यकों और दलितों के बीच एकता को समय की महत्वपूर्ण आवश्यकता समझता है। अगर यह वर्ग एक हो जाएं तो सत्ता में निश्चित रूप से प्रभावी रूप से हिस्सेदार हो सकते हैं। इस वास्तविकता से इंकार नहीं किया जा सकता है कि देश की इतनी बड़ी जनसंख्या को अनदेखा करके उसे प्रगति की राह पर आगे नहीं ले जाया जा सकता।

बहु संख्यक वर्ग को वंचित रखने के साथ एक छोटे सत्ता धारी वर्ग के देश के आर्थिक, सामाजिक और शैक्षणिक स्रोतों पर कब्ज़ा करने से देश में संतुलित प्रगति का सपना पूरा नहीं हो सकता। आमतौर पर यह देखा जाता है कि देश के विभिन्न भागों में साम्रदायिक दंगे और मुस्लिम, ईसाई अल्पसंख्यकों के विरुद्ध हमलों में निर्धन और साधन विहीन दलितों और पिछड़े वर्गों का इस्तेमाल किया जाता है। इसे देखते हुएः

1. यह अधिवेशण दलित मुस्लिम और अल्प संख्यकों की एकता और समाजी संबंधों को बढ़ाने की बेहद आवश्यकता महसूस करता है। देश की विशेष सामाजिक परिस्थितियों में आवश्यकता इस बात की है कि क़ौम और राष्ट्र की प्रगति और शांति के तक़ाज़ों को पूरा करने के लिए तमाम कठिनाइयों को स्वीकार करते हुए एकता व संबंधों को मज़बूत से मज़बूत तर बनाने का प्रयास किया जाए।

2. देश की वर्तमान परिस्थितियों में यह अधिवेशन इस बात की बेहद आवश्यकता महसूस करता है कि इन्सानियत और सम्भाव पर आधारित हज़रत मुहम्मद साहब के चरित्र व अमल और इस्लामिक शिक्षाओं से लोगों को परिचित कराया जाए।

3. जमीअत उलमा-ए-हिन्द ने स्वर्गीय मीरे कारवाँ, हज़रत फ़िदाए मिल्लत मौलाना असअद मदनी के नेतृत्व में दलित मुस्लिम एकता और समाजिक सम्बंधों में ख़ुशगवारी लाने के उद्देश्य से समाजिक भेद-भाव को समाप्त करने और दलितों के साथ उठने-बैठने, खाने-पीने का काम शुरू किया था, इसे आगे बढ़ाने की आवश्यकता है। ग़लत समाजिक ऊँच-नीच की मानसिकता से एक मुसलमान की हैसियत से बचना आवश्यक है।

4. मुसलमानों, दलितों और अल्प संख्यकों की पीड़ा व मज़लूमियत में एक तरह की समानता है जिसके कारण दलितों व मुसलमानों में एकता प्राकृतिक अमल है और दूसरे अल्प संख्यकों से भी एकता व सहयोग आवश्यक है। इसे देखते हुए यह अधिवेशन तमाम भारतियों से अपील करता है कि अपने-अपने कार्य क्षेत्र में इस एकता व आपसी संबंधों के अमल को आगे बढ़ाएं और एक दूसरे को समझने व क़रीब आने की राहे हमवार करें।

हमने इस 11वें प्रस्ताव को शब्दशः पाठकों के सामने लाने की आवश्यकता इसलिए महसूस की कि एक भी शब्द कम या अधिक करने से भावार्थ बदल न जाए। हम जमीअत उलमा-ए-हिन्द के नेताओं से बेहद विनम्रतापूर्वक ये निवेदन करना चाहते हैं कि आज मुस्लिम क़ौम जिन हालात का शिकार है, क्या इन हालात में केवल दलितों और मुसलमानों की एकता से समय की आवश्यकता पूरी हो सकती है? क्या आज तमाम हिन्दुओं, मुसलमानों, सिखों और ईसाइयों को उसी तरह एक होने की आवश्यकता नहीं है जिस तरह वह स्वाधीनता आंदोलन के समय एकता बद्ध हुए थे।

आज़ादी की लड़ाई में भाग लेते हुए क्या जमीअत उलमा-ए-हिन्द ने केवल दलित मुस्लिम एकता की बात की थी? या फिर हिन्दू-मुस्लिम एकता का नारा लगाते हुए देश को अंग्रेजों की गुलामी से मुक्ति दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की थी। क्या आज फिर आवश्यकता ऐसी ही राष्ट्रीय एकता और साम्प्रदायिक सद्भाव की नहीं है। अब हम न देश में कोई और गुजरात देखना चाहते हैं, न 26/11 जैसे आतंकवादी हमले। हम दलित मुस्लिम एकता का नारा लगाकर शेष हिन्दू भाइयों को इस एकता की आवश्यकता से अलग करके नहीं देख सकते। अगर यह कोई राजनीतिक प्लेटफार्म होता तब हमें इस संदर्भ में कुछ भी कहने की आवश्यकता नहीं थी।

आमतौर पर राजनीतिक दल राजनीतिक उद्देश्यों को सामने रख कर इस तरह के नारे लगाते रहते हैं। कभी यादवों और मुसलमानों की एकता की बात की जाती है, कभी जाटों और मुसलमानों की एकता की तो कभी दलितों और मुसलमानों की। अगर यह बहुजन समाज पार्टी का प्लेटफ़ार्म होता तो हमें कुछ भी कहने की आवश्यकता महसूस न होती। इसलिए कि मायावती अपनी सोशल इंजीनियरिंग के फ़ार्मूले को सामने रख कर दलितों को अलग-अलग वर्गों के साथ जोड़ कर अपनी राजनीतिक शक्ति बढ़ाने के प्रयासों में लगी हुई हैं।

कोई भी धार्मिक विद्वान या धार्मिक संस्था अगर किसी राजनीतिक दल में शामिल होती है या उसके हित की बात करता है तो यह उसका निजी फ़ैसला है इस पर टिप्पणी नहीं की जानी चाहिए, लेकिन राष्ट्रीय स्तर पर अगर तमाम मुसलमानों के संबंध में कोई बात की जा रही है तो उसे इसी पृष्ठ भूमि में देखना आवश्यक होगा कि राष्ट्रीय स्तर पर इसका क्या संदेश जाएगा। बहरहाल सुश्री मायावती इस अधिवेशन में शिरकत न करके भी इस 11वें प्रस्ताव के द्वारा वह सब पाने की आशा कर सकती हैं, जो कांग्रेस के तीन-तीन मंत्रियों की शिरकत के बावजूद भी उसे प्राप्त नहीं हो सका।

चैधरी अजीत सिंह और उनकी सहयोगी पार्टी भारतीय जनता पार्टी इस विषय में क्या राय रखती है यह तो वही बेहतर जानते होंगे, लेकिन हमें लगता है कि जमीअत उलमा-ए-हिन्द के 30वें अधिवेशन में पेश किया जाने वाला 11वां प्रस्ताव अगर किसी और अवसर पर निजी या राजनीतिक एजंडे के रूप में पेश किया जाता तो ज़्यादा मुनासिब था।

बहरहाल औक़ाफ़ से संबंधित पेश किया गया प्रस्ताव प्रशंसनीय है, जिसमें जमीअत उलमा-ए-हिन्द ने औक़ाफ़ के संबंध में अपनी इस चिंता को जोरदार शब्दों में प्रकट किया है कि औक़ाफ़ क़ानून 1995 के लागू होने के बावजूद बड़े पैमाने पर औक़ाफ़ की सम्पत्तियों पर नाजायज़ कब्ज़ा और गैर कानूनी ख़ुर्द-बुर्द का सिलसिला जारी है। वाक़िफ़ के इरादे को अन्देखा करके वक्फ की सम्पत्तियों और उनकी आमदनियों को निजी मिल्कियत के रूप में प्रयोग में लाया जा रहा है।

1995 का वक्फ क़ानून मुसलमानों के अधिकारों से संबंधित भेद-भाव का शिकार है और अफ़सरशाही की भेंट हो गया है। अब इसकी हैसियत बेकार की कागजी कार्यवाही से अधिक नहीं रह गई है, जिसके कारण वक़्फ़ जायदादों पर न केवल नाजायज़् कब्ज़ा धारियों का कब्ज़ा व हवाला बाक़ी है बल्कि औक़ाफ़ में यह कब्ज़ा रोज़्-ब-रोज़् बढ़ रहा है जिस पर सच्चर कमेटी ने भी चिंता प्रकट की है। औक़ाफ़ की सुरक्षा के अंदेशे से हाल में बनाई गई संसदीय कमेटी ने भी औक़ाफ़ की बद से बदतर होती स्थिति और नाजायाज़् कब्ज़ा पर गहरी चिंता प्रकट की है।

भारत सरकार को इस दिशा में विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है और जमीअत उलमा-ए-हिन्द ही नहीं संसद में मुसलमानों का प्रतिनिधित्व करने वाले सदस्य व अन्य राजनैतिक, अराजनैतिक संगठनों को भी इस सिलसिले में ठोस क़दम उठाने की आवश्यकता है ताकि वक्फ सम्पत्तियों को खुर्द-बुर्द होने और नाजायज़् कब्जों से बचाया जा सके। मगर क्या यह सम्भव हो पाएगा? चूंकि सबसे अधिक नाजायज़ कब्ज़ा करने वाले तो प्रभावशाली लोग ही होते हैं और वक्फ सम्पत्तियों पर यह नाजायज़ कब्ज़ा प्राप्त होता है उन्हें अपने राजनीतिक आक़ाओं के द्वारा ही।

जमीअत उलमा-ए-हिन्द के 30वें अधिवेशन में 13वें प्रस्ताव को ‘‘इस्लामी पहचान की रक्षा और समाज सुधार’’ से संबंधित प्रस्ताव के रूप में सामने रखा गया। जिसके अंतर्गत एक संगठनिक ढांचा खड़ा करने की प्रक्रिया को सामने रखा गया है, अर्थात हर बस्ती और हर मुहल्ले में सुधार कमेटियाँ क़ायम करके दीन की तरफ़ आकर्षित किया जाए। नमाज़ रोजों के अलावा आपस में सलाम का आदान-प्रदान, सूरत और सीरत को इस्लामी ढंग में ढालने के लिए प्रोत्साहन और घरों में धार्मिक माहौल बनाया जाए। इसके अलावा अलग-अलग अवसर पर इस्लाही जलसे किए जाएं जहां सुधार कमेटियाँ बनी हुई हैं उनकी मीटिंग नियमित रूप से हर माह अवश्य की जाए और कमेटियों की सरगर्मी पर आधारित रिपोर्ट पाबंदी से जमीअत उलमा-ए-हिन्द के कार्यालय में भेजी जाए।

प्रस्ताव के इस भाग पर हमें कुछ नहीं कहना, अगर जमीअत उलमा-ए-हिन्द अपने दायरे को बढ़ाने के लिए इस प्रक्रिया का सहारा लेती है तो इसका संबंध केवल जमीअत उलमा-ए-हिन्द और उन कमेटियों के बीच है जो इस पर अमल करती है। परन्तु इसी प्रस्ताव की अगली पंक्ति में फ़िल्म और टीवी देखने से बचने और बचाने की शिक्षा देने की बात कही गई है।मैं केवल फ़िल्म और टीवी देखने के सवाल पर बात करना चाहूंगा। क्या जमीअत उलमा-ए-हिन्द के नेताओं को याद है कि वह अपने जलसों की कार्यवाही टी वी पर दिखाने के लिए बाक़ाएदा प्रबंध करती रही है। अगर टीवी देखना ग़लत है तो फिर उनके द्वारा इसके इस्तेमाल को किस तरह उचित ठहराया जा सकता है?


मेरे सामने अब एक बड़ी उलझन यह भी है कि शीघ्र ही मैं राष्ट्रीय समस्याओं पर फ़िल्म मीडिया का सहारा लेने की आवश्यकता महसूस कर रहा हूं। रोजनामा राष्ट्रीय सहारा, आलमी सहारा और बज़्मे सहारा के साथ-साथ उर्दू चैनल जनता के सामने लाने की तैयारियां तो लगभग पूरी हो चुकी हैं, अगर यह अभी तक जनता के सामने नहीं आ सकी हैं तो कारण यह है कि मैं अपने पाठकों को बाक़ाएदा इस मुहिम का हिस्सा बनते देखना चाहता हूं। इसलिए कि अगर यह उन्हीं के लिए है तो उनके साथ एक सीधा रिश्ता भी बनना चाहिए।

दूसरी बात जो फ़िल्म मीडिया के संबंध में है तो मैं पूरी तरह यह मन बना चुका हूं कि पिछले 20-25 वर्षों में मुस्लिम क़ौम के दामन पर लगे दागों को धोने का जो प्रयास उर्दू पत्रकारिता के द्वारा किया गया है उसे अब हर ख़ास व आम तक पहुँचाने के लिए फिल्म व टीवी मीडिया की भी बहुत आवश्यकता है।

देश विभाजन के उत्तरदायी मुसलमान नहीं, मुसलमानों को साम्प्रदायिक कहना ग़लत है, इस्लाम और मुसलमानों का आतंकवाद से रिश्ता जोड़ना एक सुनियोजित षड़यंत्र है। इन विषयों को हमने एक मुहिम की तरह लिया और पत्रकारिता को एक मिशन का रूप देने का प्रयास किया है। अब इसका दायरा बढ़ाकर राष्ट्रीय और अन्तरराष्ट्रीय स्तर पर इस संदेश को पहुँचाने की आवश्यकता है और ज़ाहिर है कि यह केवल प्रिंट मीडिया के द्वारा ही सम्भव नहीं है।

अगर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया (फ़िल्म मीडिया सहित) के द्वारा यही बात न कही गई तो इस मिशन का पूरा होना कठिन हो जाएगा, अतः हमारा सादर निवेदन है कि जमीअत उलमा-ए-हिन्द न केवल हमारी राय के संबंध में बल्कि राष्ट्रीय व मिल्ली हितों को सामने रखते हुए अपने इस प्रस्ताव पर दोबारा विचार करे और स्पष्ट करे कि अगर फ़िल्म और टीवी देखने पर पाबंदी लगाई जा सकती है तो कब, किन हालात में और क्यों? अन्यथा यह अपूर्ण संदेश लाभ से अधिक हानि का कारण बन सकता है।

.......................(जारी)

Wednesday, November 4, 2009

बात केवल वन्देमातरम तक ही तो सीमित न थी

सफर की दास्तान लम्बी है और बड़ा समय लगेगा इसे लिखने में ऐसा न हो कि इस बीच सामने आने वाले महत्वपूर्ण विषय छूट जाएं। अतएव उचित यह लगा कि सामयिक स्थितियों पर चर्चा भी जारी रहे और सफर की दास्तान भी।कल रात जिस समय मैं अपना लेख ‘‘बहरीन था या माज़ी का हिन्दुस्तान’’ पूरा कर रहा था तो मेरी निगाहें टी.वी. स्क्रीन पर जमीं हुईं थीं जहां आई.बी.एन-7 चैनल आरूषी कत्ल केस को कुछ नये रहस्योद्घाटनों के साथ प्रस्तुत करते हुए पुलिस कार्यवाई की बखिया उधेड़ रहा था। मैं देख तो रहा था आरूषी कत्ल केस पर इस चैनल की विशेष रिपोर्ट मगर सोच रहा था ‘बटला हाउस इंकाउंटर’ के मामले में सुप्रीम कोर्ट के दिये गये निर्णय के बारे में।

अगर आरूषी कत्ल केस में पुलिस की कारगुज़ारी पर सवाल उठाये जा सकते हैं और इस मामले को नये सिरे से खोला जा सकता है, सी।बी.आई. की एक नई टीम जांच का उत्तरदायित्व स्वीकार करते हुए एक बार फिर तथ्यों को सामने लाने में जुट सकती है और इस सबसे कहीं भी पुलिस हतोत्साहित नहीं होती तो फिर बटला हाउस इंकाउंटर मामले में जांच सी.बी.आई. को सौंपे जाने पर पुलिस का उत्साह क्यों टूट सकता है? फिर क्या केवल इसलिए न्याय के दरवाज़े बन्द किये जा सकते हैं, सच्चाई को जनता के सामने लाने से रोका जा सकता है कि हमारे किसी एक विभाग का इससे हौसला टूट सकता है, तब फिर हमें अपने नेताओं, पूर्व प्रधानमंत्री सहित और अन्य मंत्रियों के कार्यों पर भी उंगली नहीं उठानी चाहिए थी, कारण चाहे जो भी हो इसके अतिरिक्त अनेक सरकारों के दौरान जितने भी घोटाले सामने आए उन्हें जनता के सामने नहीं लाना चाहिए था न्यायपालिका और सेनाओं में भी अगर किसी तरह का कोई मामला सामने आया था तो उसे अनदेखा कर देना चाहिए था, इसलिए कि इससे हमारी सेना और न्यायालय का हौसला टूट सकता था।

यह एक ऐसा विषय है जिस पर मैं सफर की दास्तान को जारी रखते हुए भी लिखना चाहता था और इंशाअल्लाह लिखूंगा भी। अतः ऐसी तमाम घटनाओं का अध्ययन जारी है। जिन्हें मैं अपने इस श्रृंखलाबद्ध लेख की आगामी किस्तों में शामिल करने का इरादा रखता हूं कि अगर सुप्रीम कोर्ट बटला हाउस इंकाउंटर मामले में सच्चाई का पता लगाने को पुलिस का हौंसला तोड़ने वाली कार्यवाई मानती है तो फिर कब-कब, किस-किस अवसर सुप्रीम कोर्ट को ऐसा ही कदम उठाना चाहिए था और अगर उस समय नहीं उठाया गया तो अब एन्काउंटर बटला हाउस के मामले में ही क्यों?

आई.बी.एन.-7 के आरूषी कत्ल केस की खबर से निगाह हटी तो तमाम टी.वी. चैनलों पर जमीअत उलेमा-ए-हिन्द के देवबन्द अधिवेशन का समाचार सुर्खियों में था और उसमें भी ‘वन्दे मातरम’ पर दिये गये फतवे और गृहमंत्री पी.चिदम्बरम की शिरकत को ही सबसे अधिक महत्व दिया जा रहा था इसके बाद आज सुबह के समाचार पत्रों में छपीं खबरें भी कुछ ऐसी ही थीं, जहां जमीअत उलेमा-ए-हिन्द के इस अधिवेशन का उल्लेख था तो वन्दे मातरम के हवाले से ही और प्रश्न चिन्ह था इस अवसर पर गृहमंत्री की उपस्थिति पर, जिसका बाद में उन्हें स्पष्टीकरण भी देना पड़ा कि जिस समय वन्दे मातरम पर यह फतवा पेश किया गया वह वहां उपस्थिति नहीं थे, बीती रात से लेकर आज दोपहर तक मुझे रह-रहकर जमीअत उलेमा-ए-हिन्द के इस अधिवेशन में उठाये गये वन्दे मारतम के इशू पर नागवारियत का अहसास होता रहा। मुझे लगा कि आखिर इतने बड़े अधिवेशन में जमीअत उलेमा-ए-हिन्द को यही एक विषय मिला था फतवा देने के लिए।

क्या आवश्यकता थी वन्दे मातरम पर कुछ भी कहने की। मुसलमानों के लिये आज यह इतनी बड़ी समस्या तो नहीं है कि तमाम विषयो को ताक़ पर रखते हुए केवल वन्दे मातरम पर ही फतवे को आवश्यक समझा जाये या फिर आतंकवाद पर बार-बार फतवे जारी करने और यह विश्वास दिलाने का प्रयास करना कि इस्लाम में आतंकवाद के लिए कोई स्थान नहीं है कितना आवश्यक है। क्या यह हमें ही साबित करने की आवश्यकता है कि हमें वतन से मोहब्बत है और इस्लाम आतंकवाद की शिक्षा नहीं देता। पिछले कुछ वर्षों में जिस तरह मुस्लिम संगठनों ने आतंकवाद के विरोध में आवाज़ उठाई है क्या अन्य धर्मों के संगठनों ने भी आतंकवाद के विरोध में उसी तरह आवाज़ उठाई भी?

अगर उन में से किसी को भी यह महसूस नहीं होता कि उन्हें आतंकवाद के विरूद्ध अपनी विचारधारा को प्रकट करने की आवश्यकता है स्वयं को पाक-साफ साबित करने की आवश्यकता है तो केवल हमें ही क्यों? सम्भवतः यह दोनों ही ऐसी बातें थी जिनकी भेंट जमीअत उलेमा-ए-हिन्द का यह महत्वपूर्ण अधिवेशन नहीं होना चाहिए था।

बहुत गलत हो जाता अगर मेरा यह विचार अपनी जगह रहता कि केवल यही दो विषय थे जिन पर जमीअत उलेमा-ए-हिन्द के इस अधिवेशन में बात की गई इसलिए कि मीडिया के द्वारा इस अधिवेशन का जो संदेश मुझ तक पहुंचा था वह तो यही था, लेकिन आज का लेख लिखने से पूर्व जब मैंने अधिवेशन की मुकम्मल कार्यवाई पर निगाह डाली, वक्ताओं के भाषण का सार पढ़ा, अधिवेशन में पास किये जाने वाले प्रस्तावों का अध्ययन किया तो लगा कि मीडिया ने जमीअत उलेमा-ए-हिन्द के इस अधिवेशन के साथ न्याय नहीं किया है यह तो उन 25 में से केवल 2 बिन्दु थे जिन पर बातचीत की गई इसके अतिरिक्त जो अन्य 23 महत्वपूर्ण विषय थे उन्हें तो मीडिया ने जनता के सामने रखा ही नहीं जबकि इनका महत्व इन दोनों से कहीं अधिक था जहां तक आतंकवाद के हवाले से प्रस्तुत किये गये प्रस्तावों का सम्बन्ध है तो उसके भी यह वाक्य अत्यन्त महत्वपूर्ण हैं कि वर्तमान दौर में आमतौर पर जिहाद को आतंकवाद का समानार्थी ठहराने का प्रोपैगंडा किया जा रहा है।

हालांकि जिहाद और आतंकवाद में ज़मीन-आसमान का अंतर है जिहाद सकारात्मक प्रक्रिया है जबकि आतंकवाद विघटनकारी नकारात्मक कार्यवाई। ऐसे फिदायीन और आतंकवादी हमले जिसकी ज़द में बेकसूर व्यक्ति आ जाते हैं इस तरह के हमलों को यह कांफ्रेंस अपराधिक कार्य करार देती है।

इस पहले प्रस्ताव के बाद सच्चर कमेटी और रंगनाथ मिश्र कमीशन का उल्लेख करते हुए इस अधिवेशन में यूपीए सरकार को चेताया गया कि वह सुन्दर आश्वासनों और जबानी जमाखर्च का सिलसिला समाप्त करे। सम्भवतः इस प्रस्ताव को सर्वाधिक महत्व दिया जाना चाहिए था, इसलिए कि एक लम्बे समय के बाद मुसलमानों ने कांग्रेस से अपनी नाराज़गी को भुलाते हुए उसके सत्ता में आने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है अतः वास्तव में उसे अब इस सिलसिले में अमली कदम उठाना चाहिए अतः इस प्रस्ताव का गृहमंत्री की उपस्थिति में पेश किया जाना बेहद महत्वपूर्ण था।

मुसलमानों के लिये रिजर्वेशन उनकी आबादी के अनुपात में हो, उन्हें हर विभाग में प्रतिनिधित्व का अवसर मिले यह प्रस्ताव उचित भी है और आज मुसलमानों के तमाम वर्गों की आवश्यकता भी। दंगों को रोकने से सम्बन्धित प्रस्ताव में साम्प्रदायिक दंगों को रोकने और प्रभावितों को मुआवज़ा देने से सम्बन्धित ऐसा कानून बनाये जाने की आवश्यकता पर ज़ोर दिया गया है, जिसमें दंगों के लिये जिले के उच्च अधिकारियों और प्रशासन को उत्तरदायी ठहराया जाये, उन्हें जवाबदेह बनाया जाये। दंगा प्रभावितों को मुआवज़े की अदायगी में किसी तरह का पक्षपात न हो। लिब्राहन कमीशन के सम्बन्ध में जो प्रस्ताव सामने रखा गया वह यह है कि बाबरी मस्जिद की शहादत में संलिप्त व्यक्तियों के विरूद्ध कार्यवाई की जाये।

रिपोर्ट आ चुकी है लेकिन अन्य कमीशनों की रिपोर्ट के तरह लापरवाही की शिकार होती नज़र आ रही है। देश की धर्मनिर्पेक्ष व्यवस्था और शांति व सुरक्षा को बनाये रखने के लिए यह आवश्यक है कि जिनका अपराध साबित है उनके लिये सज़ाएं तय की जाएं। इसके बाद समलैंगिकता के सम्बन्ध में हाईकोर्ट के निर्णय पर भी एक प्रस्ताव पेश किया गया है, जिसके बारे में कोई भी टिप्पणी करना अनावश्यक समझता हूं, इसलिए कि इस विषय पर जितनी भी बातचीत की जायेगी, वह इस मामले को महत्व देने जैसी होगी, जबकि भारतीय समाज इसे पहले ही अस्वीकार कर चुका है।

महिला रिजर्वेशन बिल के सम्बन्ध में जमीअत उलेमा-ए-हिन्द का मानना है कि यह बिल अनावश्यक और अस्वीकार्य भी। इस मामले में मेरा मत जमीअत उलेमा-ए-हिन्द के मत से थोड़ा अलग है। हम पर पहले ही यह आरोप है कि हम महिलाओं की प्रगति को नापसन्द करते हैं, उन्हें समाज में कदम से कदम मिलाकर चलने के अवसर प्रदान नहीं करते, उनमें रूकावट बनते हैं जबकि इस्लाम का इतिहास इससे अलग है। इस्लाम अगर महिलाओं को केवल और केवल घर की चार दीवारी तक सीमित रखने का पक्षधर होता तो हज़रत खदीजातुल कुब्रा दौर-ए-जाहिलियत में भी अरब की सबसे बड़ी व्यापारी कैसे बन पातीं। कर्बला के मैदान में जब यज़ीद इमाम हुसैन का सर कलम किये जाने को अपना सही क़दम ठहराने के प्रयासों में लगा था, उस समय अगर जनाब-ए-जैनब ने यज़ीद के दरबार में सच्चाई को सामने लाने का हौसला न दिखाया होता तो सम्भवतः तथ्यों का सामने आना कठिन हो जाता।
शेख हसीना वाजिद, बेगम ख़ालिदा ज़िया और बेनज़ीर भुट्टो जैसे ताज़ा उदाहरण हैं, जिन्होंने अपने देश का नेतृत्व करके साबित किया है कि मुस्लिम महिलाएं राजनीति के क्षेत्र में भी किसी से पीछे नहीं हैं। हां यह अंदेशा अवश्य हो सकता है कि महिला आरक्षण के बिल के स्वीकार कर लिये जाने पर शायद उच्च शिक्षा प्राप्त महिलाएं इतनी संख्या में न मिल सकें, मगर यह बात केवल मुस्लिम महिलाओं के बारे में ही क्यों सोची जाए। शिक्षा के मामले में मुस्लिम महिलाएं इतनी पिछड़ी भी नहीं हैं कि उन्हें अन्य सभी वर्गों की तुलना में खड़े होने के योग्य ही न समझा जा सके।

जमीअत उलेमा-ए- हिन्द के इस अधिवेशन में कादियानियों के सम्बन्ध में भी एक प्रस्ताव पेश किया गया, निःसन्देह यह चिंता की बात है कि मुसलमानों को दिग्भ्रमित करने का प्रोपैगंडा चलाया जा रहा है, मगर हमें यह भी सोचना होगा कि हमारी तब्लीगी जमाअतें मुसलमानों को या अन्य देशवासियों को इस्लाम की सही जानकारी देने में अपना समय लगाएं या सिर्फ कादियानियों के मामले को महत्व देकर उन्हें अपने बारे में मुहिम चलाने का अवसर प्रदान करें।

इस अधिवेशन में जमीअत उलेमा-ए-हिन्द के तमाम सदस्यों के द्वारा दीनी तालीमी बोर्ड को सक्रिय बनाने का प्रस्ताव पेश किया जिसकी प्रशंसा की जानी चाहिए।
जमीअत उलेमा-ए-हिन्द के 30वें अधिवेशन में प्रस्तुत किये गये 25 प्रस्तावों में से आज के इस लेख में मैंने केवल 10 प्रस्तावों का ही उल्लेख किया है अभी 15 शेष हैं जिन पर इंशा अल्लाह इस लेख की अगली किस्त में उल्लेख करूंगा। लेकिन आज का यह लेख समाप्त करने से पूर्व मैं यह कहना आवश्यक समझता हूं कि अन्य बेहद महत्वपूर्ण विषयों पर प्रस्ताव पेश किये जाने के बावजूद केवल दो बातों को ही मीडिया के द्वारा जनता के सामने लाया जाना क्या किसी सोची समझी योजना का अंग है कि देशवासियों के सामने मुसलमानों की एक ऐसी तस्वीर पेश की जाये जिससे वह सवालों का सामना करने पर विवश हों, उन्हें कट्टरपंथी और संकीर्ण विचारधारा का साबित किया जा सके।

क्या हमारे पास इतना मज़बूत मीडिया है कि हम उन तमाम बातों को भी पूरी ईमानदारी के साथ जनता के सामने ला सकें जिनका उल्लेख इस महत्वपूर्ण अधिवेशन में किया गया, इसलिए कि अगर ऐसा न हो सका तो मुसलमानों की जो तस्वीर पेश की जायेगी वह वास्तविक नहीं होगी, अतः हमने निर्णय किया है कि ‘‘आलमी सहारा’’ का अगला अंक अन्य तमाम विषयों के साथ-साथ जमीअत उलेमा-ए-हिन्द के इस तीसवें अधिवेशन की पूरी कार्यवाई को तमाम तथ्यों की रोशनी में पेश करे, हालांकि यह अंक मौलाना अबुल कलाम आज़ाद की 121वीं जन्मतिथि के अवसर पर उन्हें श्रृद्धांजलि पेश करने के लिए एक विशेषांक के रूप में प्रकाशित किया जा रहा था, वह तो अब भी होगा परन्तु अब सबसे ऊपर होगा जमीअत उलेमा-ए-हिन्द का 30वां अधिवेशन ताकि मुसलमानों की सोच को केवल वन्दे मातरम के विरोध तक ही सीमित न समझा जाये।

Tuesday, November 3, 2009

وہ بحرین تھا یا ماضی کا ہندوستان

اکتوبر بروز پیر لکھا گیا میرا پچھلا مضمون مہاراشٹر، ہریانہ اور اروناچل میں ہونے والے ریاستی انتخابات کے تعلق سے تھا۔ ان میں بھی بالخصوص مہاراشٹر کے ریاستی انتخابات پر میری خصوصی توجہ تھی۔ اس لےے کہ گزشتہ برسوں میں جس طرح ایک علیحدگی پسند تحریک نے اس خطہ میں جنم لیا، اسے میں ایک بڑے خطرے کا الارم مانتا ہوں۔ جنہیں میرے اس جملے پر اعتراض ہو، وہ اپنے سینے پر ہاتھ رکھ کر سوچیں کہ کشمیر کے علیحدگی پسند بھی کیا کشمیری عوام کے لےے ایسا ہی خطرہ ہیں، جیسے کہ یہ علیحدگی پسند جو مراٹھی اور غیرمراٹھی کے نام پر شمال اور جنوب سے ممبئی آکر بسنے والوں کے لےے بنے ہوئے ہیں، یہ تو ممبئی کے سینے پر لگنے والا تازہ زخم ہے۔

اس سے قبل ریاست مہاراشٹر فرقہ پرست طاقتوں کا مرکز رہی ہے، ہاں اترپردیش میں بابری مسجد کی شہادت کے بعد کے حالات کو دیکھ کر ریاست مہاراشٹر کو فرقہ پرستی کا مرکز قرار دینے میں مجھے کوئی جھجھک محسوس نہیں ہوتی۔ وجہ ہے 6دسمبر1992کے بعد ممبئی میں ہونے والے فرقہ وارانہ فسادات پر جسٹس شری کرشن کمیشن کی رپورٹ ، جس میں شیوسینا کے ذریعہ مسلمانوں پر کےے گئے ظلم کی طویل داستان بیان کی گئی ہے، جو اب تاریخ کا ایک حصہ ہے۔ بال ٹھاکرے کی شیوسینا جہاں ریاست میں فرقہ پرستی کا زہر پھیلانے میں کوئی کسر باقی نہیں چھوڑ رہی تھی، وہیں اب راج ٹھاکرے کی مہاراشٹر نونرمان سینا نے شمالی اور جنوبی بھارت کے رہنے والوں کا جینا مشکل کیا ہوا ہے۔ یہی وہ علیحدگی پسند تحریک ہے، جسے میں ملک کے لےے ایک بڑا خطرہ مانتا ہوں۔

لہٰذا پوری کوشش یہی رہی کہ وہ طاقتیں برسراقتدار نہ آپائیں، جو ملک اور قوم کے لےے سوہان روح ثابت ہوں۔ ان میں شیوسینا اور بھارتیہ جنتا پارٹی کے اقتدار میں آنے کے خطروں کو سمجھنا اب کسی بھی ہندوستانی کے لےے مشکل نہیں ہے۔ گزشتہ 26نومبر2008کو ممبئی میں ہوئے دہشت گردانہ حملہ کا ذکر مجھے اس وقت نہیں کرنا ہے، مگر مالیگاونویسٹی گیشن کے دوران جو دہشت گرد چہرے سامنے آئے اور جن کے بچاﺅ میں شیوسینا کے سربراہ بالاصاحب ٹھاکرے اور بھارتیہ جنتا پارٹی کے لیڈران نے زمین و آسمان ایک کردیا، اس سے یہ اندازہ ہوچلا تھا کہ اگر انہیں برسراقتدار آنے کا موقع ملا تو یہ ریاست کس طرح دہشت گردی کی نذر ہوسکتی ہے اور پھر اس دہشت گردی کا الزام کس کے سر جاسکتا ہے۔ یہی وجہ تھی کہ اس دوران میں نے جو کچھ بھی لکھا، اس میں اس بات کا بھی خیال نہیں رکھا کہ یہ مضامین کس کے حق میں اور کس کے خلاف جارہے ہیں۔

اس کی وجہ یہ تھی کہ تحریر کو غیرجانبدار بنانے کی کوشش میں کہیں قارئین تک یہ اشارہ نہ چلا جائے کہ ادھر بھی جاسکتے ہیں اور ادھر بھی جاسکتے ہیں۔ ویسے بھی اس دوران گمراہ کرنے والوں کی کچھ کمی نہیں تھی، جو عوام کو کسی فیصلہ تک پہنچنے کی بجائے ذہنی الجھن کا شکار زیادہ بنارہے تھے۔مذکورہ بالا ریاستوں میں 13اکتوبر کو ووٹ ڈالے جانے کے بعد جب میں نے کچھ راحت کی سانس لی اور16اکتوبر کو ”امارات“ ائیرلائنس کے طیارے سے بحرین کے سفر پر نکلا تو نتائج کا انتظار تو تھا، مگر ایک حد تک یہ اطمینان بھی کہ قلم کی معرفت میں جو پیغام دے سکتا تھا، اسے اپنے قارئین تک پہنچانے میں کامیاب رہا۔بہرحال تقریباً ساڑھے تین گھنٹے کے ہوائی سفر کے بعد جب میں بحرین کے ہوائی اڈہ پر پہنچا تو مجھے لگا کہ میں اپنے ہی ملک کے کسی شہر کے ہوائی اڈے پر ہوں۔

ماحول بہت شناسا سا لگا، کوئی بھی اجنبیت نہیں تھی، بلکہ امیگریشن کی کارروائی بھی ایک رسم سے زیادہ نہ لگی، کچھ ہی منٹوں میں بغیر کسی الجھن یا حفاظت کے نام پر کی جانے والی تذلیل کے بغیر ائیرپورٹ کے باہر تھا، جہاں میرے منتظر تھے علی گڑھ مسلم یونیورسٹی اولڈ بوائز ایسوسی ایشن کے ممبرو بحرین میں منعقد کےے جانے والے پروگرام کے میزبان علی اکبراور لندن سے خصوصی طور پر اس پروگرام کے لےے تشریف لانے والے عاصم خان۔ علی اکبر صاحب کی موجودگی تو متوقع تھی، لیکن عاصم خان صاحب کا لندن سے بحرین پہنچ کر میرا خیرمقدم کرنا بہت اچھا لگا۔ ائیرپورٹ سے ہوٹل تک کا فاصلہ زیادہ طویل نہیں تھا۔ 10-12منٹ میں ہی ہم ہوٹل ”گولڈن تولپ “ میں تھے، جس کے کنونشن ہال میں سرسید ڈے کی تقریبات کا سلسلہ پورے عروج پر تھا۔

میں جس وقت پہنچا، سعودی عرب کی شاعرہ عذرا نقوی اپنا کلام پیش کررہی تھی اور اس کے بعد جہاں متعدد ہندوستانی اور غیرملکی شعرائے کرام کا کلام سننے کا موقع ملا، وہیں مشہور شاعر منوررانا اور نواز دیوبندی کے درمیان ”ماں سے محبت“ کے موضوع پر کی گئی شاعری کا ایک ناقابل فراموش منظر دیکھنے کا موقع ملا۔ بہرحال اس روز کی تقریبات مشاعرہ تک ہی محدود رہیں۔ اگلے دن یعنی 17اکتوبر کو ”سرسیدڈے“ منایا جانا تھا۔

دوپہر میں تمام غیرملکی مہمانوں کے لےے کھانے کا پرتکلف اہتمام کیا گیا تھا۔ اسی دوران میری ملاقات اترپردیش جونپور کے پروفیسر قاضی مظہر صاحب سے ہوئی، جو شاید میرا نام جاننے کے بعد ارادتاً کھانے کی ٹیبل پر میرے ساتھ تھے اور جب انہوں نے مجھے یہ بتایا کہ ان کے آبائی وطن جونپور سے ان کی بیٹی کا ایک میسج ملا ہے، جس میں اس نے تحریر کیا ہے کہ آج کے اس پروگرام میں آپ کے مہمان خصوصی عزیزبرنی وہ شخص ہیں، جن کے لےے ہماری مساجد میں نمازوں کے دوران دعائیں کی جاتی ہیں۔ میری سہیلی جس کا تعلق اعظم گڑھ سے ہے، اس کے بھائی کو پولیس اٹھاکر لے گئی تھی، اس نے اس واقعہ کا ذکر کرتے ہوئے مجھے یہ سب کچھ بتایا ہے۔

پروفیسر صاحب نے اپنی بیٹی سے کہا کہ کیا عزیز برنی صاحب کے ذریعہ راشٹریہ سہارا میں تحریک چلانے سے اس لڑکی کا بھائی واپس آگیا؟ اس نے کہا یہ تو مجھے نہیں معلوم، لیکن علاقہ میں اس طرح کے واقعات میں بڑی کمی آئی ہے اور لوگوں میں بڑا حوصلہ پیدا ہوا ہے۔ قاضی مظہر صاحب نے مجھے اس واقعہ کی تفصیل بتائی تو ان کی یہ بات دل کو چھوگئی۔ انہوں نے بتایا کہ نیٹ پر میرے بیشتر مضامین کا مطالعہ کیاہے اور میرے اور راشٹریہ سہارا کی تحریک کے بارے میں بہت کچھ جانتے ہیں۔ کھانے کی میز پر بات چیت کا یہ سلسلہ شروع ہونا تھا کہ یکے بعد دیگرے بحرین میں مقیم ہندوستانی اور کچھ پاکستانی نے بھی، جن میں ایک میرے ہم نام بھی تھے، میرے قسط وار مضامین پر گفتگو کا سلسلہ شروع کردیا، جو میں نے بٹلہ ہاوس، 9/11،26/11 اور مالیگاوں انکشافات سے متعلق لکھے تھے۔

میں حیران تھا کہ ایک ایسے ملک میں جہاں میں اس سے پہلے کبھی نہیں گیا، میرے مضامین اور میرے اخبار سے لوگ اس حد تک واقف ہیں کہ اجنبیت کا احساس ہو ہی نہیں رہا۔ غرضیکہ رات کو ”سرسیدڈے“ کی اس تقریب میں جب میں مہمانِ خصوصی کی حیثیت سے شرکت کررہا تھا تو تقریر کے دوران میرا ایک ایک لفظ جذبات میں ڈوبا تھا۔ وہ روایتی جملے، وہ میرے بولنے کا انداز نہ جانے کہاں کھو گیا تھا، مجھے لگ رہا تھا کہ میں 1947سے پہلے کے ہندوستان میں ہوں اور جس جگہ میں تقریر کررہا ہوں، وہ کوئی بیرون ملک نہیں، بلکہ میرے ہی گھر کا آنگن ہے۔ وجہ شرکت کرنے والوں اور منتظمین میں ہندوستانیوں اور پاکستانیوں کی ایک بڑی تعداد تھی اور وہ سب ایک دوسرے سے اس قدر ہم آہنگ تھے کہ ان کے درمیان سرحدوں کا فاصلہ مٹ سا گیا تھا۔

سرسیداحمدخاں بھی تو یہی چاہتے تھے، شاید اسی لےے انہوں نے ہندی اور اردو کو دو سگی بہنیں قرار دیا اور ہندوﺅں اور مسلمانوں کو ایک خوبصورت دلہن کی دو آنکھوں سے تعبیر کیا تھا۔ میں جس وقت علی گڑھ مسلم یونیورسٹی میں تعلیم حاصل کررہا تھا اور جب جب یہ ترانہ سنتا تھا: ”جو ابر یہاں سے اٹھے گا، وہ سارے جہاں پر برسے گاہر جوئے رواں پر برسے گا، ہر کوہ گراں پر برسے گاہر سرووسمن پر برسے گا، ہر دشت و دمن پر برسے گاخود اپنے چمن پر برسے گا، غیروں کے چمن پر برسے گاہر شہرطرب پر گرجے گا، ہر قصر طرب پر برسے گا تو ایسا لگتا تھا کہ چونکہ ہم سرسید سے عقیدت اور اس درسگاہ سے محبت کا جذبہ رکھتے ہیں، اس لےے اپنے جذبات کا اظہار اس انداز میں کرتے ہیں، مگر جب ہندوستان کے باہر جاکر متعدد ملکوں میں سرسیدڈے کی تقریبات میں شرکت کرنے کا موقع ملا تو مجھے لگا کہ یہ ترانہ تو ایک مکمل حقیقت ہے۔

آج سرسیداحمد کے ذریعہ جلائے گئے علم کے چراغ کی روشنی پوری دنیا میں پھیل چکی ہے۔ آج کی ا س تحریر میں اپنی تقریر کو دوہرانے کا کوئی ارادہ نہیں، ہاں مگر ایک اور واقعہ ضرور میرے دل کو چھو گیا۔سرسید ڈے تقریبات کے دوران ایک فلاحی تنظیم اے ایم یو اولڈ بوائز ایسوسی ایشن، بحرین نے کچھ اشیا جمع کی تھیں، جن کی نیلامی سے حاصل ہونے والی رقم فلاحی کاموں میں خرچ کی جانی تھی۔ ایک ایک کرکے جب متعدد اشیا کی نیلامی کی جانے لگی اور بحیثیت مہمان خصوصی وہ اشیا میرے ذریعہ کامیاب بولی لگانے والوں کے سپرد کی جانے لگیں تو مجھے احساس ہوا کہ کچھ تو میری جانب سے بھی ہونا چاہےے، لہٰذا میں نے اپنی جیب سے قلم نکالا اور ان اشیا کی فہرست میں شامل کردیا، جو نیلام کی جارہی تھیں۔

میرے لےے یہ ایک اور خوشگوار حیرانی کا موقع تھا کہ بڑھتے بڑھتے اس قلم پر بولی ایک لاکھ روپے (ہندوستانی کرنسی) کو بھی تجاوز کرگئی اور اس وقت رکی جب یہ احساس ہوا کہ ہر بار بڑھ چڑھ کر بولی لگانے والے عدیل ملک (ڈائریکٹر موبیٹیل کمیونی کیشن) کسی بھی قیمت پر اس قلم کو خریدنا چاہتے ہےں۔ ان کے اس جذبے سے مجھے یہ احساس ہوا کہ اپنے قلم کی معرفت قوم کی جو خدمت میں انجام دے رہا ہو، اس کا اثر اب ہندوستان کے باہر بھی دیکھنے کو مل رہا ہے۔ بہرحال آج کا مضمون ختم کرنے سے قبل میں یہاں اپنی تحریر میں منتظمین کے چند نام اس لےے شامل کرنے جارہا ہوں کہ یہ وہ لوگ ہیں جو اپنے ملک سے باہر جاکر بھی نہ اپنی روایتوں کو بھولے ہیں، نہ اپنی قوم کو بھولے ہیں اور نہ سرسیدکے پیغام کو بھولے ہیں۔

وہ نام ہیں: شفیق الرحمن صاحب، عمران ایوب، منیجنگ ڈائریکٹر مارس کمپیوٹر ٹیکنالوجی، رضوان خلیل، گروپ منیجنگ ڈائریکٹر ماس کمپیوٹر ٹیکنالوجی، شارق فیاض خان، احمد علی بخداش، سرور صاحب، وسیم احمد صاحب، محمد نجیب صاحب، محمد مرغوب عابدی صاحب، ندیم احمد صاحب، ڈاکٹر مصباح الدین احمد صاحب، محمد سہیل عزیز صاحب، محمد حسیب صاحب، محمد خورشید عالم صاحب، ڈاکٹر پرویز صاحب، محمد مبشر صاحب، شکیل احمد صاحب، تنویر احمد خاں صاحب، محمد سلیم صاحب، پروفیسر قاضی مظہر صاحب اور خالد صاحب۔

واپسی سے قبل بحرین میں ہندوستان کے سفیرڈاکٹر جارج جوزف سے ملاقات بھی قابل ذکر رہی اور قابل ذکر رہا ”کوذوے“ (Cause way)کا سفر، یعنی وہ فلائی اوور جو بحرین اور سعودی عرب کی سرحدوں کو جوڑتا ہے اور جہاں یہ اپنی خوبصورتی اور افادیت کے لےے قابل ذکر ہے، وہیں اس بات کے لےے بھی کہ بحرین کے عوام کے لےے یہ پل سعودی عرب کے شاہ فہد کی طرف سے ایک سوغات ہے۔

لندن اور قبرص کے سفر کی داستان آئندہ قسطوں میں....

वह बहरीन था या माज़ी का हिन्दुस्तान

12 अक्टूबर सोमवार के दिन लिखा गया मेरा पिछलालेख महाराष्ट्र,हरियाणा और अरूणाचल में होने वाले राज्य विधानसभा चुनावों के सन्दर्भ में था। इनमें भी विशेष रूप से महाराष्ट्र के चुनावों पर मेरा विशेष ध्यान था। इसलिए कि पिछले वर्षों में जिस तरह एक पृथक्तावादी आन्दोलन ने इस क्षेत्र में जन्म लिया उसे मैं एक बड़े खतरे की घंटी मानता हूं। जिन्हें मेरे इस वाक्य पर आपत्ति हो वह अपने सीने पर हाथ रखकर सोचें कि कश्मीर के पृथक्तवादी भी क्या कश्मीरी जनता के लिए ऐसा ही खतरा हैं जैसे कि यह पृथक्तवादी जो मराठी और गैर मराठी के नाम पर उत्तर और दक्षिण भारत से मुम्बई आकर बसने वालों के लिए बने हुए हैं।
यह तो मुम्बई के सीने पर लगने वाला ताज़ा जख्म है।


इससे पहले महाराष्ट्र साम्प्रदायिक शक्तियों का केन्द्र रहा है, हां उत्तर प्रदेश में बाबरी मस्जिद की शहादत के बावजूद महाराष्ट्र को साम्प्रदायिकता का केन्द्र कहने में मुझे कोई झिझक महसूस नहीं होती और इसका कारण 6 दिसम्बर 1992 के बाद मुम्बई में होने वाले साम्प्रदायिक दंगे और जस्टिस श्रीकृष्णा कमीशन की रिपोर्ट है, जिसमें शिवसेना के द्वारा मुसलमानों पर किये गये अत्याचारों की लम्बी दास्तान बयान की गई है, जो अब इतिहास का एक हिस्सा है।


बाल ठाकरे की शिवसेना जहां राज्य में साम्प्रदायिकता का ज़हर फैलाने में कोई कसर बाकी नहीं छोड़ रही थी वहीं अब राज ठाकरे की महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना ने उत्तर और दक्षिणी भारत के रहने वालों का जीना कठिन किया हुआ है।

यही वह पृथक्तावादी आन्दोलन है जिसे मैं देश के लिए एक बड़ा ख़तरा मानता हूं अतः पूरा प्रयास यही रहा कि वह शक्तियां सत्ता में न आ पाएं जो देश और राष्ट्र के लिए कष्टदायक साबित हों। इनमें शिवसेना और भारतीय जनता पार्टी के सत्ता में आने के खतरों को समझना अब किसी भी भारतीय के लिए कठिन नहीं है।


पिछले 26 नवम्बर 2008 को मुम्बई में हुए आतंकवादी हमले का उल्लेख मुझे इस समय नहीं करना है, मगर मालेगांव इन्वेस्टीगेशन के दौरान जो आतंकवादी चेहरे सामने आए और जिनके बचाव में शिवसेना सुप्रीमो बाला साहब ठाकरे और भारतीय जनता पार्टी के नेताओं ने धरती और आकाश एक कर दिया, उससे यह अनुमान हो गया था कि अगर उन्हें सत्ता में आने का अवसर मिला तो यह राज्य किस तरह आतंकवाद की भेंट चढ़ सकता है और फिर इस आतंकवाद का आरोप किसके सर जा सकता है।

यही कारण था कि इस दौरान मैंने जो कुछ भी लिखा उसमें इस बात का भी ख्याल नहीं रखा कि यह लेख किसके पक्ष में और किसके विरूद्ध जा रहे हैं इसका कारण यह था कि लेख को निष्पक्ष बनाने के प्रयास में कहीं पाठक तक यह इशारा न चला जाये कि इधर भी जा सकते हैं और उधर भी जा सकते हैं। वैसे भी इस बीच दिग्भ्रमित करने वालों की कुछ कमी नहीं थी, जो जनता को किसी निर्णय तक पहुंचने की बजाए मानसिक उलझन का शिकार अधिक बना रहे थे।

उपरोक्त राज्यों में 13 अक्टूबर को वोट डाले जाने के बाद मैंने कुछ राहत की सांस ली और जब 16 अक्टूबर को अमीरात एयर लाइन्स के विमान से बहरीन की यात्रा पर निकला तो परिणामों की प्रतीक्षा तो थी मगर एक हद तक यह संतोष भी था कि कलम के द्वारा मैं जो संदेश दे सकता था उसे अपने पाठकों तक पहुंचाने में सफल रहा बहरहाल लगभग साढ़े तीन घंटे की हवाई यात्रा के बाद जब मैं बहरीन के हवाई अड्डे पर पहुंचा तो मुझे लगा कि मैं अपने ही देश के किसी शहर के हवाई अड्डे पर हूं।

वातावरण बहुत जाना पहचाना सा लगा, कुछ भी अजनबीयत नहीं थी, बल्कि इमीग्रेशन की कार्यवाई भी एक औपचारिकता से अधिक न लगी कुछ ही मिनटों में बिना किसी उलझन या सुरक्षा के नाम पर की जाने वाली आबरूरेज़ी के बिना एयरपोर्ट के बाहर था जहां मेरी प्रतीक्षा में थे अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी ओल्ड ब्वायज़ एसोसिएशन के सदस्य व बहरीन में आयोजित किये जाने वाले कार्यक्रम के मेज़बान अली अकबर और लन्दन से विशेष रूप से इस प्रोग्राम के लिये पधारने वाले आसिम खांन। अली अकबर साहब की मौजूदगी तो सम्भावित थी लेकिन आसिम खांन साहब का लन्दन से बहरीन पहुंचकर मेरा स्वागत करना बहुत अच्छा लगा।

हवाई अड्डे से होटल तक का फासला अधिक नहीं था 10-12 मिनट में ही हम होटल ‘‘गोल्डन टयूलिक’’में थे, जिसके कंवेंशन हॉल में ‘सर सय्यद डे’ के कार्यक्रम का सिलसिला पूरे शबाब पर था। मैं जिस समय पहुंचा सऊदी अरब की शायरा अज़रा नकवी अपना कलाम पेश कर रही थीं और उसके बाद जहां बहुत से भारतीय और विदेशी शायरों का कलाम सुनने का अवसर मिला, वहीं मशहूर शायर मुनव्वर राणा और नवाज़ देवबन्दी के बीच ‘‘मां से मुहब्बत’’ के विषय पर की गई शायरी का एक नाकाबिल फरामोश दृश्य भी देखने का अवसर मिला। बहरहाल उस दिन के आयोजन तो मुशायरे तक ही सीमित रहे और अगले दिन अर्थात 17 अक्टूबर को ‘‘सर सय्यद डे’’ मनाया जाना था।

दोपहर में तमाम विदेशी मेहमानों के लिए खाने का विशेष प्रबन्ध किया गया था इसी दौरान मेरी भेंट उत्तर प्रदेश जोनपुर के प्रोफेसर काज़ी मज़हर साहब से हुई, जो सम्भवतः मेरा नाम जानने के बाद इरादातन खाने की मेज़ पर मेरे साथ थे और जब उन्होंने मुझे यह बताया कि उनके पैतृक वतन जोनपुर से उनकी बेटी का एक संदेश मिला जिसमें उसने लिखा है कि आज के इस कार्यक्रम में आपके विशेष अतिथि अज़ीज़ बर्नी वह व्यक्ति हैं जिनके लिये हमारी मस्जिदों में नमाज़ों के बीच दुआएं की जाती हैं। मेरी सहेली जिसका सम्बन्ध आज़मगढ़ से है उसके भाई को पुलिस उठाकर ले गई थी, उसने इस घटना का उल्लेख करते हुए मुझे यह सबकुछ बताया।

प्रोफेसर साहब ने अपनी बेटी से कहा कि क्या अज़ीज़ बर्नी साहब के द्वारा राष्ट्रीय सहारा में तहरीक चलाने से लड़की का भाई वापस आ गया। उसने कहा नहीं यह तो मुझे नहीं मालूम लेकिन क्षेत्र की इस तरह की घटनाओं में बड़ी कमी आई है और लोगों में बड़ा हौसला पैदा हुआ है। काजी मज़हर साहब ने मुझे इस घटना का विवरण बताया तो उनकी हर बात मेरे दिल को छू गई। उन्होंने बताया कि इन्टरनेट पर मेरे अधिकतर लेखों का अध्ययन किया है और मेरे व राष्ट्रीय सहारा के आन्दोलन के बारे में बहुत कुछ जानते हैं।

खाने की मेज़ पर बातचीत का यह सिलसिला शुरू होना था कि एक के बाद अनेक बहरीन में रहने वाले भारतीय और कुछ पाकिस्तानी भी जिनमें एक मेरे हमनाम भी थे, ने मेरे किस्तवार लेखों पर बातचीत का सिलसिला शुरू कर दिया जो मैंने बटला हाउस, 9/11 और 26/11 और मालेगांव रहस्योदघाटन के सम्बन्ध में लिखे थे मैं हैरान था कि एक ऐसे देश में जहां मैं इससे पहले कभी नहीं गया मेरे लेखों और मेरे समाचार पत्र के बारे में लोग इस हद तक जानते हैं कि अजनबीयत का अहसास हो ही नहीं रहा। बहरहाल रात को ‘‘सर सय्यद डे’’ के इस आयोजन में जब मैं विशेष अतिथि के रूप में शिरकत कर रहा था तो भाषण के बीच मेरा एक-एक शब्द भावनाओं में डूबा हुआ था।

वह रिवायती जुमले, वह मेरे बोलने का अन्दाज़ न जाने कहां खो गया था, मुझे लग रहा था कि मैं 1947 से पहले के भारत में हूं और जिस जगह मैं भाषण दे रहा हूं यह कोई दूसरा देश नहीं बल्कि मेरे घर का आंगन है। कारण, शिरकत करने वालों और आयोजकों में भारतीय और पाकिस्तानियों की एक बड़ी संख्या थी और वह सब एक दूसरे से इतने जुड़े हुए थे कि उनके बीच सरहदों का फासला मिट सा गया था। सर सय्यद अहमद ख़ां भी तो यही चाहते थे, सम्भवतः इसीलिए उन्होंने हिन्दी और ऊर्दू को दो सगी बहनें करार दिया और हिन्दुओं और मुसलमानों को एक खूबसूरत दुल्हन की दो आंखें बताया था। मैं जिस समय अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी में शिक्षा प्राप्त कर रहा था और जब-जब यह तराना सुनता थाः

‘‘जो अब्र यहां से उठेगा वो सारे जहां पर बरसेगा’’
हर जूए रवां पर बरसेगा, हर कोहे गरां पर बरसेगा
हर सर्द व समां पर बरसेगा, हर दश्त व दमन पर बरसेगा
खुद अपने चमन पर बरसेगा गैरों के चमन पर बरसेगा
हर शहर-ए-तरब पर गरजेगा, हर कसर-ए-तरब पर बरसेगा

तो ऐसा लगता था कि क्योंकि हम सर सय्यद से अकीदत और उस शैक्षणिक संस्था से मोहब्बत का जज़्बा रखते हैं इसीलिए अपनी भावनाओं का इज़हर इस अंदाज़ में करते हैं, मगर जब भारत के बाहर जाकर अनेक देशों में सर सय्यद डे के आयोजनों में शिरकत करने का अवसर मिला तो मुझे लगा कि यह तराना तो एक मुकम्मल हकीकत है। आज सर सय्यद अहमद के द्वारा जलाये गये इल्म के चिराग की रोशनी पूरी दुनिया फैल रही हैै। आज के इस लेख में अपने भाषण को दोहराने का कोई इरादा नहीं है।


हां मगर एक और घटना अवश्य मेरे दिल को छू गई, सर सय्यद अहमद डे के आयोजनों के दौरान एक बीच एक समाजसेवी संस्था ए।एम।यू. ओल्ड ब्वायज़ एसोसिएशन बहरीन ने कुछ वस्तुएं जमा की थी जिनकी नीलामी से प्राप्त होने वाली राशि समाजी कार्यों में खर्च की जानी थीं। एक-एक करके जब बहुत सी चीज़ों की नीलामी की जाने लगी और विशेष अतिथि के रूप में वह वस्तुएं मेरे द्वारा कामयाब बोली लगाने वालों को भेंट की जाने लगीं तो मुझे अहसास हुआ कि कुछ तो मेरी ओर से भी होना चाहिए, अतः मैंने अपनी जब से पैन निकाला और उन वस्तुओं की लिस्ट में शामिल कर दिया जो नीलाम की जा रही थीं।


मेरे लिये यह एक और खुशगवार आश्चर्य का अवसर था कि बढ़ते-बढ़ते मेरे इस कलम पर बोली एक लाख रूपये (भारतीय) को भी पार कर गई और उस समय रूकी जब यह अहसास हुआ कि हर बार बढ़-चढ़कर बोली लगाने वाले अदील मलिक (डायरेक्टर मोबीटेल कम्युनिकेशन) किसी भी कीमत पर इस कलम को खरीदना चाहते हैं । उनकी इस भावना से मुझे यह अहसास हुआ कि अपने कलम के द्वारा कौम की जो सेवा मैं कर रहा हूं उसका प्रभाव अब भारत से बाहर भी देखने को मिल रहा है।

आज का लेख समाप्त करने से पूर्व मैं यहां अपने लेख में आयोजकों के कुछ नाम इसलिए शामिल करने जा रहा हूं कि यह वह लोग हैं जो अपने देश से बाहर जाकर भी न अपनी रिवायतों को भूले हैं, न अपनी कौम को भूले हैं और न सर सय्यद के संदेश को भूले हैं। शफीकुर्रहमान साहब, इराम अय्यूब (मैनेजिंग डायरेक्टर मार्स कम्प्यूटर टेक्नालोजी), रिज़वान खलील (गु्रप मैंनेजिंग डायरेक्टर मास कम्प्यूटर टैक्नालोजी), शारिक फय्याज़ खां, अहमद अली बख्दाश,सरवर साहब, वसीम अहमद साहब, मुहम्मद नजीब साहब, मुहम्मद मरगूब आबदी साहब, नदीम अहमद साहब, डाक्टर मिस्बाहउद्दीन अहमद साहब, मुहम्मद सुहेल अज़ीज़ साहब, मुहम्मद हसीब साहब, मुहम्मद खुर्शीद आलम साहब, डाक्टर परवेज़ साहब, मुहम्मद मुबश्शिर साहब, शकील अहमद साहब, तनवीर मुहम्मद खां साहब, मुहम्मद सलीम साहब, प्रोफेसर काज़ी मज़हर साहब और खालिद साहब और वे सब जिनके नाम इस समय नहीं लिख पा रहा हूं (क्षमा)

वापसी से पहले बहरीन में भारत के राजदूत डा. जार्ज जोजफ से भेंट भी उल्लेखनीय रही और उल्लेखनीय रहा ‘‘कोज़वे’’ (CauseWay)का सफर अर्थात वह फ्लाई ओवर जो बहरीन और सऊदी अरब की सीमाओं को जोड़ता है और जो जहां यह अपने सौंदर्य व महत्व के लिए उल्लेखनीय है वहीं इस बात के लिए भी कि बहरीन की जनता के लिए यह पुल सऊदी अरब के शाह फहद की ओर से एक सौगात है।

लन्दन और सायप्रस के सफर की दास्तान आगामी किस्तों में........।